पंचायत खबर टोली
नयी दिल्ली: भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी नागेंद्र नाथ सिन्हा को केन्द्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय का नया सचिव बनाया गया है। वह इस मंत्रालय में राजेश भूषण का स्थान लेंगे।
झारखंड कैडर के 1987 बैच के वरिष्ठ अधिकारी श्री सिन्हा फिलहाल गृह मंत्रालय के सीमा प्रबंधन विभाग में सचिव हैं। इससे पहले वह सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के तहत भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के चेयरमैन रहे थे।
कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी एक आदेश के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में कैबिनेट की नियुक्ति संबंधी समिति ने केन्द्र में सचिव स्तर पर फेरबदल करते हुए एन एन सिन्हा के ग्रामीण विकास मंत्रालय के सचिव के पद पर नियुक्त करने के प्रस्ताव पर मुहर लगा दी।
जोन्स होपकिन्स यूनिवर्सिटी से स्वास्थ्य विज्ञान में एमएससी एवं आईआईटी कानपुर से इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में ग्रेजुएट 55 वर्षीय श्री नागेन्द्र नाथ सिन्हा को केन्द्र के साथ साथ बिहार एवं झारखंड में अनेक महत्वपूर्ण पदों पर काम करने का अनुभव रहा है। सिन्हा को ग्रामीण विकास मामलों के साथ साथ सूचना एवं तकनीक का भी अच्छा जानकार माना जाता है क्योंकि केन्द्र में प्रतिनियुक्ति पर आने से पहले करीब चार साल तक वह झारखंड में ग्रामीण विकास विभाग और सूचना तकनीक विभागों की जिम्मेवारी संभाल चुके हैं। श्री झारखंड सरकार के ग्रामीण विकास विभाग में अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत रहते उन्होंने ग्रामीण निर्धनों को संगठित करने, स्थायी आजीविका और रोजगार के अवसरों का सृजन करने तथा राष्ट्रीय संसाधन प्रबंधन (एनआरएम) आधारित विकास करने में निर्णायक भूमिका निभाई। इतना ही नहीं उन्होंने झारखंड राज्य में अन्य विभागों के साथ-साथ लोक निर्माण विभाग, खनन, उद्योग, सूचना प्रौद्योगिकी सहित कई प्रमुख विभागों में सेवा प्रदान की है। उनको झारखंड में रांची स्थित विशाल क्रीड़ा संकुल (स्पोर्ट्स काम्पलेक्स) एवं खेल गांव, रांची रिंग रोड, राज्य आधार सामग्री केन्द्र (डाटा सेन्टर) सहित अनेक युगांतरकारी परियोजनाओं का श्रेय जाता है । वह लोक निर्माण विभाग (लो.नि.वि.) कोड 2012, सार्वजनिक निजी साझेदारी नीति इत्यादि जैसी अनेक नीतियों और दस्तावेजों के विकास में भी मददगार रहे हैं । उनकी रुचि प्रमुख रूप से स्थायी विकास, सूचना प्रौद्योगिकी, अवसंरचना, स्वास्थ्य और संस्था निर्माण के क्षेत्रों में भी रही है ।
जहां तक निवर्तमान ग्रामीण विकास सचिव राजेश भूषण का सवाल है राजेश भूषण को स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में सचिव स्तर पर विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) नियुक्त किया गया है। संभावना है कि जुलाई में प्रीति सूदन की कार्य विस्तार अवधि खत्म होने के बाद भूषण मंत्रालय के नए सचिव होंगे। उल्लेखनीय है कि स्वास्थ्य सचिव प्रीति सूदन को 30 अप्रैल के बाद तीन महीने का कार्य विस्तार दिया है। वह इसी महीने के अंत में सेवानिवृत्त होने वाली थीं।
पंचायत खबर की ओर से उन्हें इस नई जिम्मेवारी के लिए ढेर सारी शुभकामनाएं।
