
रायपुर: छत्तीसगढ़ में ओलावृष्टि से किसानों को हुए नुकसान पर सरकार ने उन्हें मुआवजे का ऐलान कर दिया है। यह मुआवजा किसानों को विभिन्न योजनाओं के तहत दिया जाता है।
इसी कड़ी में राज्य सरकार की ओर से किसानों को फसलों में प्राकृतिक आपदा के कारण हुए 33 प्रतिशत से अधिक नुकसान पर प्रति हैक्टेयर के हिसाब से मुआवजा दिया जाता है। हाल ही में बिलासपुर जिले के बेलगहना तहसील के 4 गांवों के 164 ओला पीड़ित किसानों को 9 लाख रुपए की मुआवजा राशि के चेक का वितरण किया।
किसानों को यह मुआवजा राशि जिला कलेक्टर अवनीश शरण के निर्देश पर एसडीएम युगल किशोर उर्वशा ने कोनचरा में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान की।
कार्यक्रम में किसानों को चेक का वितरण किया गया। शेष किसानों को आरटीजीएस के माध्यम से राशि बैंक खातों में जमा करा दी गई है। बता दें कि प्राकृतिक आपदा के तहत प्रति हैक्टेयर नुकसान के लिए 8500 रुपए का मुआवजा दिया जाता है।
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के बेलगहना के गांव पहांदा, कोनचरा, सूखेना और जरगा के किसानों को ओलावृष्टि से फसल को नुकसान का मुआवजा प्रदान किया गया।
इसमें पहांदा के 116, कोनचरा के 33, सूखेना के 11 और जरगा के 4 किसान को मुआवजा दिया गया। बता दें कि बेलगहना के गांव पहांदा, कोनचरा, सुखेना और जरगा के किसानों का रबी धान की फसल को ओलावृष्टि से नुकसान पहुंचा था।
