
- नगर निकाय चुनाव…नामांकन एक्सप्रेस की धीमी है रफ्तार,कागजातों के इंतजाम व शुभ मुहूर्त निकलवाने में व्यस्त है भावी प्रत्याशी
- तामझाम की जगह सादगी से नामांकन करवाने के मूड में हैं अधिकांश भावी प्रत्याशी
पटना: नगर निकाय चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी हो गयी है. इसको लेकर प्रशासन चुनावी मोड में आ गया है. तो वहीं पूरा नगर क्षेत्र चुनावी मूड में है. सुबह से देर रात तक मुख्य बाजार के अलावे गली मुहल्ले व चौक चौराहे पर लोगों को चुनावी चर्चा में मशगूल देखा जा रहा है और चुनाव में कूदने से पहले ही भावी प्रत्याशियों के चुनावी भविष्य पर खूब चर्चा हो रही है. ऐसे में राज्य के नगर क्षेत्र के मुख्य पार्षद, चुनावी किस्मत आजमाने वाले भावी प्रत्याशियों को देर रात तक वोटरों के घरों की परिक्रमा करते देखा जा रहा है.हर पदों के प्रत्याशी वोटरों के घरों तक पहुंच कर वोट देने का मनुहार करते नजर आ रहे हैं वहीं जनता की अदालत में पहुंचे भावी प्रत्याशी नगर क्षेत्र व वार्ड में विकास की गंगा बहाने का वादा कर रहे हैं. दूसरी तरफ कोई भी प्रत्याशी आहत न हो इसलिए हर वोटर हर प्रत्याशी को वोट देने का आश्वासन दे रहे हैं जो व्यावहारिक तौर संभव होता नहीं दिख रहा है.
भावी प्रत्याशी के रिश्तेदारों द्वारा जारी है जनसंपर्क अभियान
नगर निकाय चुनाव में जहां भी जो पद महिला के लिए आरक्षित हैं उन पदों पर चुनावी किस्मत आजमाने की चाह रखने वाले भावी महिला प्रत्याशियों के रिश्तेदारों द्वारा अभी जनसंपर्क अभियान का मोर्चा संभाला जा रहा है. कहीं ससुर, पति व देवर तो कहीं अन्य रिश्तेदारों द्वारा वोटरों के घर जाकर प्रत्याशियों के पक्ष में वोट देने की अपील की जा रही है. जानकारी के मुताबिक नामांकन हो जाने के बाद जब प्रत्याशियों को चुनाव चिन्हों का आवंटन हो जाएगा तब महिला प्रत्याशी वोटरों के घर घर पहुंच कर वोट देने का मनुहार करते नजर आयेंगी.
शुरू हो गयी है नामांकन एक्सप्रेस
नगर निकाय चुनाव में पहले चरण में किस्मत आजमाने वाले प्रत्याशियों को अनुमंडल कार्यालय में नामांकन करना है. ऐसे में भावी प्रत्याशी 19 सितंबर तक अपनी नामजदगी का पर्चा भर सकते हैं.मौजूदा समय में अभी अधिकांश प्रत्याशियों द्वारा कागजी प्रक्रिया को ही पूरा किया जा रहा है, जिस कारण नामांकन एक्सप्रेस की रफ्तार काफी धीमी है.ऐसे में नामांकन के अंतिम समय में भारी मात्रा में नामांकन होने की उम्मीद है. उधर अभी भी बहुत से ऐसे भावी प्रत्याशी हैं जो अपने पंडितों से शुभ मुहूर्त निकलवाने की कोशिश में जुटे हैं ताकि शुभ मुहूर्त में नामांकन कर जीत दर्ज की जा सके.जो भी हो नगर क्षेत्र में लोगों को चुनावी रंग में धीरे धीरे सराबोर होते देखा जा रहा है.


