
मार्च के बाद धूप की तपिश और तापमान में अधिक तेजी से बढ़ोत्तरी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से लेकर दक्षिण भारत के लोग अब चिलचिलाती गर्मी का टॉर्चर झेलने को तैयार हो जाएं। साथ ही देशभर के अधिकतर राज्यों में लू वाली स्थिति होने वाली है। इसके अलावा दिल्ली-एनसीआर, यूपी और बिहार में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक अगले 3 से 4 दिन में उत्तरी मैदानी इलाकों में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तापमान गिरने की संभावना है। जबकि मध्य प्रदेश और राजस्थान समेत कई राज्यों में तापमान धीरे-धीरे चढ़ रहा है। वहीं, अगले 2 दिन में पूर्वोत्तर के असम, अरुणाचल में तेज आंधी के साथ बारिश का अनुमान है। इसके अलावा पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड के ज्यादातर हिस्सों में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में आसमान साफ रहेगा। और तेज हवाएं चलेंगी इनकी गति 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है। इसके अलावा यह गति 35 किलोमीटर प्रति घंटे तक भी जा सकती है। वहीं, अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री तक रह सकता है। साथ ही 29 मार्च को भी थोड़ा बादल छा सकते हैं साथ ही तेज हवाएं चलेंगी।
उत्तराखंड के तापमान में गिरावट
उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में मौसम बदल सकता है। साथ ही पर्वतीय जिलों में हल्की बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, 28 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ के कई हिस्सों में बारिश की संभावना है। हालांकि बाकी जिलों में मौसम रोज की तरह शुष्क ही बना रहेगा। दोपहर की तेज धूप के कारण तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मार्च का महीना समाप्ति की ओर है, ऐसे में लोगों को इस बार भीषण गर्मी का डर सता रहा है। हालांकि उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में हल्की बूंदाबांदी कुछ हद तक बढ़ती तपिश से राहत देने वाली खबर है।
ये भी पढ़े…
इस साल चैत्र नवरात्रि 30 मार्च से होंगे शुरू, जानें महत्व और घटस्थापना मुहूर्त
जानें जम्मू-कश्मीर के मौसम का हाल
जम्मू-कश्मीर में वेस्टर्न डिस्टरबेंस के प्रभाव से पिछले 2 से 3 दिन से बादल छाए हुए हैं। कश्मीर में मौसम का मिजाज बदल गया है। गुलमर्ग समेत कई ऊपरी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई है। श्रीनगर के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला देखा जा रहा है। जिससे तापमान में गिरावट देखी जाएगी। इसके अलावा यही हाल हिमाचल प्रदेश में देखने को मिलेगा। वहां के कई हिस्सों में एक बार फिर मौसम खराब होने की संभावना व्यक्त की गई है। कई हिस्सों में बर्फबारी के साथ बारिश का पूर्वानुमान है। इस दौरान कई इलाके में तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि होगी।
IMD ने इन राज्यों में किया अलर्ट जारी
IMD ने बताया कि पिछले 2 से 3 दिन से आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, ओडिशा और गुजरात के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया जा रहा है। ओडिशा में 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर तापमान पहुंच गया है, जो सामान्य से 4 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक है। ऐसे में इन राज्यों में भीषण गर्मी का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान रिकॉर्ड तोड़ सकता है।


