
— मंत्रालय से नहीं किसानों के बीच जाकर चलाता हूं मंत्रालय
Shivraj Singh Chouhan: ‘पूसा कृषि विज्ञान मेले में शिरकत करने पहुंचे केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि किसान भाइयों मैं भी एक किसान हूं। खेती को जीता हूं। मैं ऐसा किसान नहीं हूं कि मंत्री बन गया तो खेतों में न जाऊं…। मेरी कोशिश रहती है कि महीने में कम से कम दो बार अपने खेतों में जरूर जाऊं।
आज भी कद्दू लगा है शिवराज के खेत में
अपने संबोधन में शिवराज सिंह चौहान किसान रामनाथ को संबोधित करते हुए कहा कि रामनाथ जी अभी कद्दू की बात कर के गए है। क्या आपने 40-50 साल पहले कद्दू लगाए थे। मेरे खेत में तो आज भी कद्दू लगा है। साथ ही शिमला मिर्च और टमाटर भी लगा है। हालांकि रेट कम हो गए हैं। लेकिन जब बंपर फसल आती है, तो कई बार कीमतें गिरती रहती है। उन्होंने कहा कि मैं तो फूलों की खेती भी करता हूं। गेंदा भी है। गेहूं और धान की खेती भी करता हूं। शिवराज ने कहा कि, मैं ऐसा किसान नहीं हूं कि मंत्री बन गया तो अपने खेतों में न जाऊं.. साला मैं तो साहब बन गया अब काहे को खेत में जाऊं…।
मंत्रालय में बैठने वाला मंत्री नहीं
शिवराज ने कहा कि मैं कृषि भवन में बैठने वाला कृषि मंत्री नहीं हूं…। कल मैं बिहार जाऊंगा, जहां मखाना उत्पादक किसानों से मुलाकात करूंगा उनके बीच बैठूंगा और बातचीत करूंगा। इसके अलावा बिहार में मखाना बोर्ड बनेगा तो किसानों की सलाह के आधार पर बनेगा।
ये भी पढ़े…
लगातार जारी है किसानों से संवाद
शिवराज ने कहा कि मैं लगातार किसान संगठनों से मिलता हूं, आज भी मैं यहां से कुरुक्षेत्र जाऊंगा, जहां प्राकृतिक खेती मिशन की बैठक में शामिल होऊंगा, वहां से चंडीगढ़ जाऊंगा और किसान संगठनों से चर्चा करूंगा। जो संभव होगा किसानों के हित में कदम उठाए जाएंगे, क्योंकि विकसित भारत तभी बनेगा जब उन्नत कृषि होगी तभी सुखी किसान होगा, उस दिशा में लगातार सरकार काम करती रहेगी।
गेहूं, धान ही नहीं दलहनी फसलें भी होंगी एमएसपी पर खरीद
शिवराज ने कहा कि किसानों को उत्पादन का ठीक दाम मिले इसके लिए लगातार MSP में बढ़ोतरी की जा रही है। सरकार MSP पर गेहूं, धान तो पूरा खरीदेगी ही साथ ही मसूर, उड़द, तुअर की भी पूरी खरीदी MSP पर की जाएगी। उन्होंने दुहराया कि, ‘मेरे लिए किसान की सेवा भगवान की पूजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेतृत्व में हम किसानों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं।’
उन्नत बीज, उत्पादन बढ़ाना हमारा संकल्प
शिवराज ने कहा कि हमारा संकल्प है उत्पादन बढ़ाना और उत्पादन बढ़ाने के लिए अगर सबसे प्रमुख चीज कोई है, तो वो है अच्छे बीज। किसान अच्छे बीज चाहते हैं। और अच्छे बीज की वैरायटी तैयार करने का काम ICAR कर रही है। किसानों को उनके उत्पाद का दाम ठीक मिले इसके लिए सरकार ने कई प्रयत्न किए हैं।
अब खेती में ज्यादा पैसे लगा सकते हैं
उन्होंने कहा कि पहले किसान क्रेडिट कार्ड पर किसानों को 3 लाख रुपए मिलते थे। अब वो सीमा बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी गई है। इससे सब्जी-फल, हॉर्टिकल्चर की खेती करने वाले किसानों को विशेष रूप से लाभ होगा। अब वो खेती में ज्यादा पैसे लगा सकते हैं। ये उत्पादन की लागत घटाने के उपाय हैं।





