
पटनाः बिहार में बुधवार शाम को नीतीश सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार होने वाला है। भारतीय जनता पार्टी के कोटे से 7 विधायक मंत्री पद की शपथ लेंगे। शपथ ग्रहण का कार्यक्रम राजभवन में शाम को 4 बजे होगा। हालांकि इससे पहले सातों विधायक पार्टी की बैठक में शामिल होने के लिए दफ्तर पहुंचे। विधायक जब दफ्तर पहुंचे तो उनके हावभाव कॉन्फिडेंस से भरा हुआ था और चेहरे पर मुस्कान थी। वहीं सभी के ललाट पर चंदन के तिलक लगे हुए थे। विधायकों से जब मीडिया कर्मियों ने बातचीत करने की कोशिश की तो उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं कहा, सभी ने एक सुर में यही कहा कि पार्टी की बैठक इसलिए आए हैं। हालांकि जब मीडियाकर्मियों ने उनसे मंत्री पद की शपथ को लेकर सवाल किया तो बस मुस्कराकर चले गए।
वहीं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की बिहार इकाई के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने अपनी पार्टी की ‘एक नेता, एक पद’ की नीति का पालन करते हुए बुधवार की सुबह नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया। सूचना और जनसंपर्क विभाग के अनुसार, जायसवाल का इस्तीफा शाम को होने जा रहे मंत्रिपरिषद के विस्तार से पहले आया है। जायसवाल बिहार सरकार में महत्वपूर्ण राजस्व और भूमि सुधार मंत्री थे। राज्य में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के साथ भाजपा के सत्ता में लौटने के बाद उन्हें पिछले साल जनवरी में मंत्रिमंडल में शामिल किया गया था।
ये भी पढ़े…
MSP पर आलू खरीदेगी पश्चिम बंगाल की सरकार, किसान लंबे समय से कर रहे थे मांग
जुलाई में वह उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की जगह राज्य के भाजपा अध्यक्ष बने थे। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल के द्वारा मंत्री पद का इस्तीफा देने के बाद बिहार में मंत्रियों की संख्या 29 हो गई है। जिसमें भाजपा कोटे से 14, जदयू से 13, हम से 1 और एक निर्दलीय कोटे से 1 विधायक मंत्री हैं। इन 7 विधायकों के मंत्री पद का शपथ लेते ही बीजेपी के मंत्रियों की संख्या 21 हो जाएगी।
