वर्षा वर्मा
नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली समेत पूरा उत्तर भारत सर्दी की चपेट में हैं। वहीं जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में भारी बर्फबारी हो रही है। पहाड़ी राज्यों में बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी से मैदानी इलाकों में एक बार फिर शीतलहर ने कई राज्यों को चपेट में लेना शुरू कर दिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख, दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ पंजाब, में शीतलहर का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, हिमाचल प्रदेश में भीषण शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में लुढ़का तापमान
दिल्ली की बात करें तो यहां दिसंबर के आखिरी सप्ताह में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज किया गया है। जो सामान्य से दो डिग्री कम है। वहीं, मौसम विभाग ने सोमवार को बहुत घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 18 और न्यूनतम 6 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। वहीं अगले सप्ताह तक मौसम ठंडा और शुष्क बनी रहेगी।
इन हिस्सों में छाएगा कोहरा
उत्तर भारत में आज से शीतलहर शुरू होने की आशंका है। पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, राजस्थान के अलग-अलग स्थानों में 30 दिसंबर के दौरान देर रात और सुबह के दौरान घने से बहुत घना कोहरा रहने की आशंका जताई जा रही है। खासकर सुबह और शाम के समय कोहरे के कारण ड्राइविंग करना मुश्किल हो सकता है। कोहरे की चादर ने इन राज्यों में ठंड को और बढ़ा दिया है। जिससे सर्दी का अहसास और भी तेज हो गया है। राजस्थान माउंट आबू के तापमान में 8 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
ये भी पढ़े…
उत्तर भारत में बदला मौसम, MP और बंगाल में ओलावृष्टि का अलर्ट
पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी
मौसम विभाग का कहना है कि पहाड़ी राज्यों में भारी बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। आगामी तीन दिनों तक कई ऊंचे स्थानों पर भारी बर्फबारी की संभावना बन रही है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड समेत शिलॉग में बर्फबारी का दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में अभी बर्फबारी से राहत नहीं मिलने वाली है।
बारिश से फसलों को नुकसान
बीते दिनों हुई बारिश से महाराष्ट्र और राजस्थान के कुछ इलाकों में किसान फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जता रहे हैं। महाराष्ट्र के अकोला में बारिश के कारण खरीफ फसल में अरहर, कपास और रबी फसलों में चना, गेहूं, प्याज और फलों के उत्पादन पर भारी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा राजस्थान, मध्य प्रदेश सहित अन्य जिलों में भी बारिश के कारण फसलों को काफी नुकसान हुआ है।

