वर्षा वर्मा
नई दिल्ली: देशभर में शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बीच अगले 3-4 दिनों के दौरान सिंधु-गंगा के मैदानी इलाकों में घने से लेकर बहुत घने कोहरे की स्थिति बनी रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव और पूर्वी हवाओं के साथ इसके संपर्क के कारण 10 से 12 जनवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर से लेकर दिल्ली-एनीसआर, यूपी और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। बीते दिन पूर्वी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में शीतलहर से लेकर भीषण शीतलहर की स्थिति बनी रही। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी यही हाल रहा। वहीं, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में जमीनी पाले का असर देखने को मिला। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, ओडिशा के अलग-अलग इलाकों में घना से लेकर बहुत घना कोहरा छाया रहा, जिससे विजिबिलिटी 50 मीटर से कम रही। वहीं, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, बिहार, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाके, छत्तीसगढ़ और झारखंड के अलग-अलग इलाकों में घना कोहरा छाया रहा।
दिल्ली में तीन दिन घने कोहरे की चेतावनी
मौसम विभाग ने आज दिल्ली-एनसीआर में शीतलहर चलने के साथ ही अगले तीन दिन बहुत घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी जारी की है। तापमान की बात करें तो न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
आईएमडी के मुताबिक, अगले दो दिनों के दौरान दिल्ली में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने से पारा 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का पूर्वानुमान है। हालांकि, अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा ऊपर नहीं पहुंचेगा। वहीं, 10 और 11 जनवरी को एक बार फिर बारिश और तेज हवाएं चलने से इलाके में ठिठुरन बढ़ेगी।
ये भी पढ़े…
पहाड़ों में भारी बर्फबारी का अलर्ट, दिल्ली समेत इन राज्यों में बरसेंगे बादल
इन राज्यों में शीतलहर, बारिश की चेतावनी
आईएमडी ने बुधवार को हिमाचल प्रदेश में शीतलहर और जमीन पाले की चेतावनी दी है। वहीं, दिल्ली-हरियाणा-चंडीगढ़, पंजाब और उत्तर प्रदेश में भीषण शीतलहर और घने कोहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश में शीतलहर की चेतावनी भी जारी की है। वहीं, बिहार, झारखंड, ओडिशा और नॉर्थ- ईस्ट के कई इलाकों में घना कोहरा छाए रहने की चेतावनी दी गई है। अरुणाचल प्रदेश में आंधी-बिजली को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने पूर्वानुमान के मुताबिक, मध्य प्रदेश और राजस्थान को गुरुवार को शीतलहर से निजात मिलने वाली है। वहीं, कई राज्यों से कोहरा छंटने की भी संभावना है। हालांकि, दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा और पंजाब में भीषण शीतलहर का प्रकोप रहेगा।
