जर्दालू आम की लगातार हो​ रही मांग, भिंडी के स्वाद ने जीता दुबई-शारजहां का दिल

0
167

वर्षा वर्मा

पटना: आने वाले समय में जर्दालू आम की मांग खाड़ी देशों में और बढ़ने जा रही है। बिहार से एक्सपोर्ट पैक हाउस के जरिये इसका खूब निर्यात हुआ है। दरअसल इस साल बिहार के जर्दालू आम और सब्जियां मसलन भिंडी, करैला और कुंद्री ने अपने स्वाद से दुबई के अमीरों का दिल जीत लिया है।

खासतौर पर जर्दालू आम की खुशबू और उसके गहरे पीले रंग ने खाड़ी के देशों को खूब लुभाया है। लेकिन इसे दूसरे आमों से कड़ी प्रतिस्पर्धा झेलनी पड़ रही है। फिलहाल जर्दालू स्वाद और रंग में किसी भी दूसरे आम से कहीं आगे रहा है।

वहीं भिंडी, कुंद्री और करेला ने अपनी गुणवत्ता की दम पर खाड़ी देशों की रसोई में खास जगह बना ली है। बिहार की नर्म या खिच्चा कही जाने वाली भिंडी की दुबई में खास डिमांड है। बिहार के करेेले के बीज दूसरी जगह के करेलों की तुलना में खासे सॉफ्ट होते है। कुंद्री की सब्जी भी खाड़ी देशों में पसंद की जा रही है।

लगातार कि जा रही है मांग

विशिष्ट सुगंध और स्वाद के लिए जर्दालू आम को 2018 में जीआइ टैग मिल चुका है। जीआइ टैग उन उत्पादों के लिए दिया जाता है। जो एक खास भौगोलिक क्षेत्र में तैयार किए जाते हैं।

भागलपुर के प्रसिद्ध जर्दालू आम को जीआइ टैग मिलने से विदेश में इसकी मांग बढ़ने लगी है। जर्दालू की दीवानगी ऐसी है कि आम तैयार होने से पहले ही कई देशों से आपूर्ति का अनुरोध आ रहा है। इस वर्ष जर्दालू आम दुबई के साथ श्रीलंका, ब्रिटेन और बांग्लादेश में भी इसे भेजा जाएगा। इसे लेकर जिलाधिकारी ने कृषि विभाग के साथ-साथ उद्यान विभाग को कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है।

आम के निर्यात को लेकर अभी से तैयारी शुरू करने को कहा गया है। विभाग की ओर से किसानों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। विज्ञानियों को बगीचा लेजाकर किसानों को सलाह दिलाई जा रही है। जर्दालू आम का स्वाद मिठास और रंग अनूठा है। इस कारण इसकी मांग सर्वाधिक है। वाणिज्य मंत्रालय की एजेंसी एपीडा अपने पंजीकृत पैकहाउस केंद्रों द्वारा निर्यात में मदद कर रहा है। इस साल विदेश में आम के निर्यात को लेकर कार्ययोजना बनाई जा रही है।

तीन किसानों को भेजा विदेश

इन्हें कृषि आपूर्ति शृंखला व मार्केट लिंकेज का अनुभव प्रदान कराने के लिए भेजा गया है। 3 किसानों काे दुबई का एक्सपोजर विजिट कराया जा रहा है। भागलपुर के आम उत्पादक संगठन मैंगो लिटिका फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी के निदेशक विभू दुबे दुबई में जर्दालू आम के एक्सपोर्ट को लेकर वहां के व्यवसायियों से वार्ता कर रहे हैं।

वे अगले दो दिनों तक वहीं रहेंगे। दुबई में जर्दालू आम के शैकीन हैं। इसलिए वहां इस आम की मांग अधिक है। पर भागलपुर के किसान पर्याप्त मात्रा में आम की आपूर्ति वहां नहीं कर पा रहे हैं। पिछले साल सुल्तानगंज के किसान मनीष कुमार सिंह ने चार टन आम दुबई भेजा गया था। विभू ने बताया कि इस बार भारी मात्रा में आम दुबई के व्यवसायियों को एक्सपोर्ट किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here