
Wheat: केंद्र सरकार ने चालू मार्केटिंग सीजन के लिए गेहूं का एमएसपी 2425 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है। पिछले महीने से ही प्रमुख गेहूं उत्पादक राज्यों में सरकारी खरीद शुरू हो चुकी है। इनमें मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान शामिल हैं। वहीं, आज 1 अप्रैल से पंजाब, हरियाणा और बिहार में भी गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होने जा रही है। राज्यों ने इसके लिए पूरी तैयारियां कर रखी है। पंजाब के खाद्य वितरण और आपूर्ति मंत्री लालचंद कटारूचक ने सोमवार को जानकारी दी कि मंडियों में सभी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किए गए हैं। अब बस किसानों के आने की देर है। इस बार किसानों को 24 घंटे के अंदर एमएसपी का पूरा भुगतान किया जाएगा।
बिहार में 48 घंटे में होगा भुगतान
बिहार में 4476 पैक्स और व्यापार मंडल को गेहूं खरीद के लिए चुना गया है। इसके लिए सहकारी बैंकों ने इन पैक्सों और व्यापार मंडलों को 208 करोड़ कैश क्रेडिट दिया जा चुका है। रैयत-गैर रैयत किसान इन केंद्रों पर गेहूं बेच सकते हैं। बिहार में 48 घंटे के अंदर किसानों को एमएसपी का भुगतान करने का लक्ष्य रखा गया है।
किसानों के लिए की गई हैं ये व्यवस्थाएं
सूत्रों के मुताबिक, पंजाब में इस बार 28 हजार करोड़ रुपये की कैश क्रेडिट लिमिट की व्यवस्था की गई है। ताकि किसानों को 24 घंटे में पेमेंट दी जा सके। साथ ही राज्य में 1864 मंडियों और खरीद केंद्रों में जरूरत के हिसाब से पर्याप्त बारदाना (बोरियां) पहुंचाया जा चुका है और अलग से 700 अस्थायी खरीद केंद्र बनाए गए हैं। जिनका इस्तेमाल जरूरत पड़ने पर किया जाएगा। किसानों को भरी गर्मी में असुविधा न हो इसके लिए मंडियों और उपार्जन केंद्रों में पानी, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का ध्यान रखा गया है।
ये भी पढ़े…
तेज गर्मी से करें फसलों की सुरक्षा, आग से हुआ नुकसान तो किसानों को होगी भरपाई
हरियाणा में भी खरीद की तैयारियां पूरी
वहीं हरियाणा में भी किसानों को गेहूं की सरकारी खरीद में 2425 रुपये एमएसपी का भुगतान किया जाएगा। मंडियों और खरीद केंद्रों पर सभी जरूरी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। अंबाला की मंडी में किसानों को 10 रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की गई है। साथ ही इस जिले में किसानों के ठहरने के लिए गेस्ट हाउस में इतंजाम किए गए हैं।
इन राज्यों में मिल रहा बोनस
इससे पहले पिछले महीने शुरू हुई गेहूं की खरीद में मध्य प्रदेश और राजस्थान के किसानों को एमएसपी के अलावा बोनस का भी फायदा मिल रहा है। एमपी में किसानों को 175 रुपये प्रति क्विंटल बोनस मिल रहा है। ऐसे में उन्हें प्रति क्विंटल 2600 रुपये का भाव मिल रहा है। वहीं, राजस्थान में किसानों को 150 रुपये अतिरिक्त बोनस के रूप में मिल रहे है और कुल 2575 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है।

