Parliament Security Breach: बुधवार को संसद में हुए सुरक्षा चूक मामले को लेकर आज लोकसभा में जमकर हंगामा हुआ। विपक्षी सांसदों ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की। जिस पर लोकसभा स्पीकर ने कांग्रेस के पांच सांसदों को निलंबित कर दिया।
टीएन प्रतापन, हिबी ईडन, एस जोथिमणि, राम्या हरिदास और डीन कुरियाकोस को “अनियमित आचरण” के लिए शेष सत्र के लिए निलंबित कर दिया गया। इस पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी ने सरकार को घेरते हुए कहा कि कल की घटना पूरे देश ने देखी है।
हम लोकतंत्र के मंदिर में भी सुरक्षित नहीं है। देश में हर दिन मोदी सरकार देश की सुरक्षा, शक्ति और विकास की बातें करती हैं। लेकिन अंदर ही अंदर सुरक्षा खोखली है। क्या इससे प्रधानमंत्री को कोई सरोकार नहीं है?…लोग कहेंगे ‘मोदी मतलब मुश्किल है।
वहीं बीजेपी सांसद गोपाल शेट्टी ने कहा कि इस मामले में सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने शुरुआती कदम उठाए हैं और 6 में से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। सुरक्षा में किसी तरह की चूक हुई या फिर और अधिक स्तर की सुरक्षा की जरूरत है, इस मुद्दों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।
आगे जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष ने एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। जिसमें सभी पार्टियों के सांसद मिलकर इस पर विचार करेंगे। विपक्षी सांसदों से सुझाव भी लिए जाएंगे। मोदी के नेतृत्व वाली केन्द्र सरकार इस तरह के मामलों के प्रति जीरो टॉलरेंस रखती है और जो भी जिम्मेदार होगा उसे सजा जरूर मिलेगी।
बता दें कि, आज संसद के शीतकालीन सत्र का 11वां दिन है। आज 3 बजे बाद गृह मंत्री अमित शाह लोकसभा और राज्यसभा में कई अहम बिल पेश करेंगे। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर से जुड़ा बिल भी पेश किया जाएगा।


