- आपदा दिल्ली में नहीं बीजेपी में आई है… पीएम मोदी के बयान पर केजरीवाल का पलटवार
वर्षा वर्मा
नई दिल्ली: पीएम मोदी ने शुक्रवार को दिल्ली के झुग्गीवासियों को पक्के घरों की चाबियां सौंपीं। इस दौरान उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना भी साधा। पीएम ने कहा कि मैंने आज तक अपने लिए कोई घर नहीं बनाया मैं भी चाहता तो अपने लिए शीशमहल बना सकता था। हमारे लिए गरीबों को घर देना प्राथमिकता हैं। दिल्ली सरकार को घेरते हुए पीएम ने कहा कि दिल्ली में आपदा आई हुई है। पीएम के इस बयान पर पलटवार करते हुए केजरीवाल ने कहा कि आपदा दिल्ली में नहीं बीजेपी में आई हुई है।
अरविंद केजरीवाल ने पीएम मोदी को दिया जवाब
इस बाबत दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, आज पीएम मोदी दिल्ली आए थे। उन्होंने 43 मिनट का लंबा भाषण दिया। इसमें 39 मिनट उन्होंने दिल्ली के लोगों को गालियां देने का काम किया है। 2015 में दिल्ली के लोगों ने दो सरकारें चुनी थीं। दिल्ली हॉफ स्टेट है, दिल्ली में लोगों ने दो सरकारें चुनीं, केंद्र सरकार बीजेपी की और दिल्ली सरकार आम आदमी पार्टी की, बीजेपी को दस साल हो गए। इन दस सालों में आप सरकार ने कितने काम किए, अगर हम गिनाने लगें तो कई घंटे लग जाएंगे। दूसरी सरकार यानी केंद्र सरकार ने एक भी ऐसा काम नहीं किया, जिसका जिक्र पीएम अपने 43 मिनट के भाषण में करते। जो काम करता है वो गाली नहीं देता।
इनको वोट दिया तो ये सभी झुग्गियां उजाड़ देंगे
केजरीवाल ने कहा, बीजेपी वाले पहले लोगों की झुग्गियां तोड़ते हैं फिर वहां जाकर प्रवास करते हैं। अगर इनको दिल्ली के लोगों ने वोट दे दिया तो ये लोग सभी झुग्गियां उजाड़ देंगे। आज पीएम मोदी ने 10 साल बाद आकर तीन कॉलेज की नींव रखी है। मैं उनसे कहना चाहता हूं कि 3 कॉलेज की नींव रखने में आपको दस साल लग गए। हमने इतने समय में 22 हजार क्लास रूम बनाए। आप हमसे लंबी लाइन खींच देते तो 39 मिनट तक हमको गालियां देने की जरूरत नहीं पड़ती। आपकी वाहवाही होती, केजरीवाल और आम आदमी पार्टी को कोई पूछता ही नहीं।
ये भी पढ़े…
अशोक विहार से पीएम मोदी का चुनावी शंखनाद… दिल्लीवासियों को दी बड़ी सौगात
ये गरीबों के दुश्मन हैं
उन्होंने कहा, 2020 में पीएम ने कई वादे किए थे। ये उनका संकल्प पत्र है। जिसमें लिखा कि 2022 तक लोगों को दिल्ली में पक्के मकान दे दिए जाएंगे। 2020 से आज तक सिर्फ 1700 चाबी दे पाए हैं। ये संकल्प पत्र उनके 200 साल का है। ये झुग्गियां उजाड़ रहे हैं। बीजेपी ने 2 लाख से ज्यादा लोगों को बेघर कर दिया। बच्चों को सड़क पर लाकर छोड़ दिया, 2 लाख 76 हजार से ज्यादा लोगों को बेघर कर दिया, ये गरीबों के दुश्मन हैं।
बीजेपी में तीन तरह की आपदा आई है
केजरीवाल ने कहा, आज पीएम ने कहा कि दिल्ली में आपदा आई हुई है। आपदा दिल्ली में नहीं बीजेपी में आई है। जो कि तीन तरह की है, बीजेपी के पास सीएम चेहरा नहीं है, इनके पास नैरेटिव नहीं है। तीसरी आपदा इनके पास एजेंडा नहीं है। एक आपदा दिल्ली में और आई है वो है क्राइम, लोग चीख-पुकार रहे हैं। व्यापारी परेशान हैं लेकिन गृह मंत्री के कानों तक आवाज नहीं पहुंच रही है।


