अक्षत सरोत्री
नई दिल्ली: यूं तो धान की कई किस्में होती हैं जो किसानों को अलग-अलग मुनाफे का फायदा देती हैं। पर धान की एक अनोखी किस्म संजीवनी धान किसानों के लिए फायदेमंद है। इसकी खासियत है कि इसे खाने से मानव शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है।
यह कैंसर कोशिकाओं की रोकथाम में भी सहायक है। संजीवनी धान एक सुगंधित किस्म है, जिसमें फाइटोकेमिकल्स, एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-कैंसर गुण मौजूद हैं।
इसके सेवन से शरीर की विभिन्न रोगों से लड़ने की क्षमता बढ़ती है। कृषि वैज्ञानिक डॉ. दीपक शर्मा का कहना है कि यह धान न केवल स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि इसकी खेती से किसान की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
संजीवनी धान की खेती में किसानों को प्रति एकड़ 15-20 हजार रुपये का खर्चा आ सकता है, लेकिन इससे मिलने वाला उत्पादन और इसकी बाजार में बढ़ती मांग किसानों के लिए आय बढ़ाने का एक सशक्त साधन बनेगा।
एक किसान ने इस धान की खेती की शुरुआत की है। उन्होंने एक एकड़ में संजीवनी धान का प्रयोगात्मक रूप से उत्पादन किया है। पूरी तरह प्राकृतिक तरीकों से उन्होंने इस धान को उगाया है, जिसमें गोबर और पत्तियों से बनी खाद का उपयोग किया गया है।
