लखनऊ: देश में इस साल ठंडी का सुस्त रवैया किसानों के लिए मुसीबत बना हुआ है। कई राज्यों में इस साल कम ठंड पड़ने की वजह से रबी की कई फसलों पर असर देखने को मिल रहा है। ऐसा ही एक ताजा मामला उत्तर प्रदेश के औरैया जिले से आया है। यहां के किसान आलू की कम पैदावार होने से काफी परेशान हैं। पैदावार में कमी आने से किसानों की मुश्किलें बढ़ी हुई हैं। किसानों के चेहरों पर चिंता की लकीरें दिखाई पड़ रही हैं। किसानों का कहना है कि इस साल देरी से सर्दी आने से रबी फसल की प्रमुख फसल आलू के उत्पादन पर काफी असर पड़ा है।

गर्मी की वजह से कम हुई पैदावार
औरैया के किसानों ने दिन रात कड़ी मेहनत करके आलू की फसल तैयार की थी। साथ ही किसानों ने उम्मीद लगा रखी थी कि आलू की फसल से अच्छा फायदा होगा। लेकिन आलू की फसल को काफी नुकसान हो रहा है। यहां के किसान ने बताया कि पहले की अपेक्षा इस साल काफी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से उम्मीद लगाई थी उतनी पैदावार नहीं हुई है। किसान ने उत्पादन में कमी की वजह गर्मी को बताया है। उन्होंने कहा कि इस साल अच्छी पैदावार नहीं हुई जबकि पिछले साल काफी अच्छी फसल हुई थी।
ये भी पढ़े…
अब आगरा में खुलेगा अंतर्राष्ट्रीय आलू केंद्र, किसानों को होगा लाभ
लागत निकालना भी हो रहा मुश्किल
दरअसल किसानों ने ये भी बताया कि उन्होंने अपने 10 बीघा खेत में आलू की फसल उगाई थी। लेकिन उनकी इस साल अच्छी पैदावार नहीं हो पाई है। जिससे उन्होंने जो लागत लगाई थी वो निकालना भी मुश्किल हो रहा है। इससे वह काफी चिंतित हैं उनकी तरह और भी कई किसान हैं जिन्होंने कमाई की उम्मीद में आलू लगाए लेकिन अधिक तापमान ने उत्पादन में भारी गिरावट ला दी है किसान इससे भारी नुकसान में चल रहे हैं।
आलू की पैदावर पर असर
हालांकि कुछ किसानों ने बताया कि पिछली साल खेतों में आलू की खुदाई कर रहे थे तब खेत में ही आलू के आठ सौ रुपये भाव मिल गए थे। लेकिन इस बार आलू बहुत कम निकल रहा है। इस साल सर्दी न पड़ने के कारण फसल बिल्कुल बर्बाद हो रही है कम पैदावार होने से आलू की कीमत भी बढ़ेगी लेकिन जब पैदावार ही नहीं हुई तो इस बार कमाई भी नहीं हो पाएगी।
