अक्षत सरोत्री
नई दिल्ली: देश आज 78वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर पीएम मोदी ने लगातार 11वीं बार लाल किले की प्राचीर से ध्वजारोहण कर इतिहास रचा है। इस अवसर पर पीएम ने अपने संबोधन के दौरान इशारों में बंगाल की घटना को लेकर गुस्सा जताया।
उन्होंने महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध का मामला भी उठाया। पीएम ने कहा कि महिलाओं के प्रति अपराधों की तुरंत जांच हो। कृत्य करने वालों को सख्त से सख्त सजा हो। उन्होंने हाल ही में कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक प्रशिक्षु महिला डॉक्टर के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। इस मामले पर पीएम ने भी इशारों में अपना गुस्सा जताया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘महिलाओं के प्रति अपराधों की तुरंत जांच हो। कृत्य करने वालों को ज्यादा से ज्यादा, सख्त से सख्त और जल्दी से जल्दी सजा हो।
उन्होंने कहा कि जब ऐसी राक्षसी मनोवृत्ति को सजा होती है तो वह नजर नहीं आती कोने में कहीं पड़ी रहती है। ऐसे राक्षसी कृत्य करने वालों को होने वाली सजाओं के बारे में खबरें अब सामने आना जरूरी है, ताकि लोगों को पता चले कि ऐसे कृत्यों का क्या परिणाम होता है।’
