
पटना: भारत में कोरोना वायरस से हड़कंप मच गया है। देश के विभिन्न राज्यों में कोरोना संकट के बाद बिहार में भी कोरोना तेजी से फैलने लगा है। अगर बात करे पिछले 24 घंटे की तो अकेले पटना में अब तक छह नये कोरोना के मरीज मिले। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक पटना जिले में कुल कोरोना संक्रमितों की संख्या 9 हो गई है। संक्रमितों में एम्स की एक महिला डॉक्टर, एक महिला नर्स और एक कर्मी भी शामिल है। तीनों का इलाज एम्स के सीनियर डॉक्टरों की निगरानी में किया जा रहा है। इसके अलावा NMCH पटना में भी दो मरीजों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है।
इस क्रम में कोरोना मामले की जानकारी देते हुए पटना के जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने बताया कि एम्स पटना के एक डॉक्टर के भी कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने कहा कि घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सुरक्षा के तौर पर लोगों से सतर्कता बरतने को कहा गया है। उन्होंने आगे कहा कि स्थिति को संभालने के लिए स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह तैयार है। पटना के सरकारी अस्पतालों को पहले ही तैयारी सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है। इसमें बिस्तर, ऑक्सीजन, दवाइयों और टीकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना शामिल हैं.” पिछले कुछ हफ्तों से देश भर में कोविड-19 के मामले बढ़ रहे हैं।
ये भी पढ़े…
दिल्ली सरकार का नया कदम: स्कूलों-कॉलेजों में ‘पर्यावरण योद्धा’ तैयार करने की पहल
बिहार में अस्पतालों की तैयारी
कोविद संक्रमण के प्रसार को देखते हुए पटना सहित बिहार के अन्य जिले के मेडिकल कॉलेजों व अस्पताल सतर्क है। खबरों के अनुसार IGIMS के डायरेक्टर डॉ. मनीष मंडल ने बताया कि IGIMS में ऑक्सीजन के 12 बेड और ICU के तीन बेड कोरोना मरीजों के लिए सुरक्षित रखें गए हैं। कोरोना मरीजों के लिए इलाज के लिए अनुभवी डॉक्टरों की टीम का गठन किया गया है और कोरोना संक्रमण की जांच की सारी सुविधा उपलब्ध की जा रही है।

