पिलंजी गांव सिर्फ नाम के लिए ही आदर्श

0
732

 

  • नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र के 1100 वर्ष पुराना पिलंजी गांव में बिजली,पानी और सफाई व्यवस्था की बेहद कमी

नई दिल्ली: 1100 वर्ष पुराना पिलंजी गांव नई दिल्ली संसदीय क्षेत्र का आदर्श गांव है। वीवीआईपी इलाके से सटा होने के बावजूद यहां सफाई व्यवस्था, बिजली और पानी की बड़ी किल्लत है। यहां पानी और सीवर की लाइनें बिछाई जानी हैं। इस वजह से यहां सफाई व्यवस्था का बुरा हाल है। वहीं, अवैध निर्माण व कब्जे भी इस क्षेत्र की बड़ी समस्या हैं।

काम के कारण दिक्कत :सांसद  लेखी का कहना है कि गांव में काम करने में नगर निकायों को कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसका हल गांव वालों के साथ ही मिलकर निकाला जा रहा है। अक्तूबर तक गांव की स्थित में सुधार होगा। क्षेत्र में पानी और सीवर लाइन बिछने के बाद मार्गो को बेहतर करने के लिए काम होगा। लोगों को उनके क्षेत्र में हो रहे कामों की जानकारी मिलती रहे, इसके लिए गांव में बोर्ड भी लगाए गए हैं। यहां पर कामकाज की रिपोर्ट दी जा रही है।

लाइनें भूमिगत होंगी : पिलंजी गांव में बिजली की लाइनों का जाल नहीं दिखेगा। इसके लिए योजना बनाई गई है कि सभी लाइनों को एक विशेष डक्ट से ले जाया जाएगा। इस कार्य को अक्तूबर तक पूरा करने की तैयारी है। इसके लिए काम शुरू हो गया है।

सीसीटीवी कैमरों से निगरानी : नई दिल्ली क्षेत्र एक वीआईपी जोन है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर की जा सके, इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की निगरानी बढ़ाई जाएगी। इस व्यवस्था को दिल्ली पुलिस को सौंपने की तैयारी है, ताकि व्यवस्था पर सीधी निगरानी हो सके। इसे महिला सुरक्षा और महिला अपराधों को कम करने के लिए शुरू की गई पहल से जोड़कर देखा जा रहा है। यह व्यवस्था नई दिल्ली, वसंत विहार, पिलंजी गांव, सरोजनी नगर, आरके पुरम, करोलबाग समेत आसपास के इलाकों में की जानी है।

जगह-जगह खुदी पड़ी हैं सड़कें

पिलंजी गांव कई संकटों से जूझ रहा है। सबसे बुरी हालत यहां के सड़कों की है। साथ ही, गांव वालों को बिजली-पानी संकट से भी गुजरना पड़ रहा है। इस समय इलाके में यदि पावर लाइन में कोई फाल्ट होता है तो उसे दूर करने में एक दिन का समय गुजर जाता है। हालांकि, लोग खुद मानते हैं कि इलाके में सीवर व पानी नेटवर्क का विस्तार हो रहा है और आने वाले दिनों में उन्हें राहत मिलेगी। यहां 1987 में पानी व सीवर की लाइन डली थी। इसके बाद से इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है, जबकि गांव की आबादी कई गुना तक बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि गांव में वर्षा जल संचयन की योजना को सख्ती से लागू कर दिया जाए तो इससे सीवर व गिरते जल स्तर की कमी को भी ठीक किया जा सकता है।

सांसद मीनाक्षी लेखी का साक्षात्कार

प्रश्न: गांव के विकास के लिए क्या किया?

गांव में योजनाओं को लागू करवाने में लंबा समय लगा है। अब काम प्रगती पर है। इन कामों के पूरा होने पर लोगों को राहत मिलेगी। विकास कार्यों में सीवर और पानी प्रमुख है। क्षेत्र में अक्टूबर तक यह काम पूरा हो जाएगा।

प्रश्न: युवाओं के कौशल विकास के लिए क्या कर रही हैं?

क्षेत्र के युवाओं के कौशल विकास के लिए यहां समय—समय पर कैंप लगाए जाते हैं। हमारी योजना यहां कौशल विकास केंद्र खोलने की है। जहां युवाओं को उनकी रूचि के अनुसार काम सिखाया जाएगा।

प्रश्न: गांव में व्यवस्था बेहतर रहे इसके लिए क्या तैयारी है?

इसके लिए हम एक बार फिर पंचायत व्यवस्था की ओर देख रहे हैं। इससे गांव वालों की परेशानियां हल करने में आसानी होगी। हम गांव वालों को ही अधिकार देंगे कि वे गड़बड़ी करने वालों पर जुर्माना लगा सकें।

 वायदे

  • पिलंजी गांव में सीवर का कार्य छह माह में होगा पूरा’
  • पानी की लाइन डालने का कार्य शुरू किया गया है, 6-7 माह में पूरा हो जाएगा’
  • चितरंजन पार्क में वरिष्ठ नागरिक मनोरंजन केंद्र बनेगा’
  • कस्तूरबा नगर में मार्गो पर पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए फुट ओवर ब्रिज बनाएंगे

 

वायदे जो अधूरे हैं

  • 600 करोड़ की लागत से ट्रांसफॉर्मर बदलने का काम अब तक पूरा नहीं हुआ’
  • जहां झुग्गी वहां बनेगा मकान, कठपुतली कॉलोनी का वादा अधूरा’ पानी की पुरानी लाइनें नहीं बदलीं।
  • स्कूलों में सोलर पैनल की व्यस्था पूर्ण नहीं हो सकी है’
  • नया कौशल विकास केंद्र खोलने का वादा अभी अधूरा है

सांसद का रिपोर्ट कार्ड : किस क्षेत्र में कितना काम कराया

  • 2019 तक 125 करोड़ रुपये की लागत से दो अंडर पास बनवाए जाएंगे
  • डीडीए के 24 पार्को में ओपन जिम की सुविधा लोगों को दी जाएगी

5 काम जो सांसद ने कराए

 सड़क निर्माण

  • पहाड़गंज, राजगुरु मार्ग, आश्रम मार्ग, तिलक गली समेत आसपास के इलाके का पुन: निर्माण कराया गया।

 पावर स्टेशन

  • पिलंजी गांव और सरोजनी नगर में 11 केवी का बिजली सब स्टेशन शुरू किया

 सोलर प्लांट

  • 23 एनडीएमसी के स्कूलों में सोलर प्लांट का काम शुरू किया गया। बिजली की समस्या दूर होगी

 फ्री वाईफाई

  • अरबिंदो मार्केट, हौजखास, ग्रीन पार्क, मालवीय नगर इलाके में फ्री वाईफाई की सुविधा दी गई

अंडर पास

  • सेवा नगर में अंडर पास का निर्माण कराया गया। इससे लोगों को जाम से राहत मिली।

शिक्षा के क्षेत्र में

बच्चों के लिए लाइब्रेरी

शिक्षा के लिए बच्चों को पर्याप्त सामग्री उपलब्ध रहे, इसके लिए लाइब्रेरी की सुविधा बढ़ाई जा रही है। अब तक नई दिल्ली इलाके में 14 स्कूलों में लाइब्रेरी शुरू की जा चुकी है। इसका लाभ लाखों बच्चों को मिल रहा है। जहां से भी इस प्रकार के प्रस्ताव आ रहे हैं, उन पर तेजी से काम किया जा रहा है।

सड़क निर्माण

  • धौलाकुआं और जेल रोड टी प्वाइंट को सिग्नल फ्री करने के दो अंडर पास बनाए जाएंगे। इससे जाम दूर होगा।

स्वास्थ्य सेवा

  • घर के आसपास ही लोगों को स्वास्थ्य सेवायें उपलब्ध हो इसके लिए स्वास्थय वैन लगाई गयी है। जो एक निश्चित समय पर आकर लोगों को स्वास्थ्य सेवायें देती हैं। (हिन्दुस्तान से साभार)

 

 

 

 

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here