
नई दिल्ली: दिल्ली के बुराड़ी विधानसभा क्षेत्र के झड़ौदा इलाके में शाम होते सड़कों पर इतनी भीड़ हो जाती है कि गाड़ियों के परिचालन की बात कौन करे राहगीरों का चलना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में स्थानीय नागरिकों की शिकायत होती है कि पूरा सड़क रेड़ी पटड़ी वाले दुकानदारों ने अवैध तरीके से घेर लिया है। कहीं खाने पीने की दुकान तो कहीं सब्जी वाले तो कहीं रोजाना की जरूरतों की बिक्री के लिए सजाये गये दुकान। ऐसे में बाजार में भीड़ का आलम ये है जहां देखो वहीं गाड़ियां सड़क पर पार्क की गई होती हैं। इन अतिक्रमणों की वजह से स्थानीय नागरिकों को तो परेशानी होती ही है साथ ही स्थाई दुकानदार भी परेशान होते हैं।
इन सारी शिकायतों के मद्देनजर एमसीडी की टीम ने भारी पुलिस बल के साथ बुराड़ी क्षेत्र के झड़ोदा इलाके में बड़ी कार्यवाही करते हुए सड़कों पर अवैध अतिक्रमण हटाया। इतना ही नहीं अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम ने सड़को पर जो भी समान मिला, रेड़ियां मिली वो सारा सामान जब्त कर लिया।
ये भी पढ़े…
साथ ही एमसीडी की टीम ने झड़ौदा की सड़कों पर अतिक्रमण, अवैध बाजारों और सघन आबादी वालें इलाके में अतिक्रमण हटाओ अभियान भी चलाया। इस अभियान में अस्थायी ढांचे, चबूतरे और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया। ताकि सार्वजिनक स्थान अतिक्रमण मुक्त हो सके। एमसीडी अधिकारियों का कहना है कि जिन—जिन क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अतिक्रमण किया गया है, वहां आगे भी कार्रवाई की जाएगी और इस पूरे इलाके को अतिक्रमण मुक्त किया जायेगा।
आज के अभियान की बाबत दुकानदारों का कहना है कि पहले भी ऐसी कार्रवाई होती रही है लेकिन एक दो दिन बाद फिर से सड़क पर भीड़ का यही आलम होता है। वहीं स्थानीय नागरिकों ने बताया कि इस पूरे खेल में एमसीडी और स्थानीय पुलिस की मिलीभगत होती है। बिना उनकी सहमती के कोई भी सड़क पर अतिक्रमण नहीं कर सकता है। ज्यादातर नागरिकों ने कहा कि ये कार्रवाई दिखावटी है यदि स्थाई तौर पर सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना है तो एमसीडी और पुलिस बल को समय—समय पर ऐसी कार्रवाई जारी रखनी होगी।


