वर्षा वर्मा
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को चिट्ठी लिखी है। केजरीवाल ने चिट्ठी के जरिए संघ प्रमुख मोहन भागवत से कई सवाल पूछे हैं। उन्होंने बीजेपी को लेकर भागवत से प्रश्न किए हैं। दिल्ली विधानसभा चुनाव नजदीक है और आप से लेकर कांग्रेस और बीजेपी सभी पार्टियां चुनाव की तैयारियों में लगी हुई है। राजधानी में जीत दर्ज करने के लिए सभी एड़ी-चोटी का दम लगा रहे हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी और बीजेपी के बीच वार-पलटवार का सिलसिला जारी है और वोटर लिस्ट को लेकर दोनों के बीच जंग छिड़ी हुई है। केजरीवाल ने अब मोहन भागवत को चिट्ठी लिख चुनाव को लेकर सवाल पूछ डाले हैं।
केजरीवाल ने पूछे ये सवाल?
1. अरविंद केजरीवाल ने मोहन भागवत से पहले सवाल पूछा कि बीजेपी ने पिछले दिनों में जो भी गलत किया क्या आरएसएस उसका समर्थन करती है?
2. बीजेपी के नेता खुलकर पैसे बांट रहे हैं। क्या आरएसएस वोट खरीदने का समर्थन करती है?
3. बड़े स्तर पर दलित, पूर्वांचली के वोट काटे जा रहे हैं क्या आरएसएस का लगता है ये जनतंत्र के लिए सही है?
4. क्या आरएसएस को नहीं लगता बीजेपी जनतंत्र को कमजोर कर रही है?
केजरीवाल ने इससे पहले भी मोहन भागवत से बीजेपी को लेकर सवाल पूछे थे। तीन महीने पहले भी उन्होंने संघ प्रमुख को चिट्ठी लिखी थी। उस समय पूर्व सीएम ने उन से पांच मुद्दों पर सवाल किए थे। केजरीवाल ने बीजेपी पर पार्टियों के नेताओं को तोड़ने, भ्रष्ट नेताओं को पार्टी में शामिल कराने को लेकर प्रश्न किए थे।
ये भी पढ़े…
पुजारियों को हर महीने 18 हजार रुपये, दिल्ली चुनाव से पहले केजरीवाल का दांव
अरविंद केजरीवाल और बीजेपी एक दूसरे पर वोटर्स लिस्ट को लेकर आरोप लगा रहे हैं। केजरीवाल ने इससे पहले कहा कि बीजेपी दिल्ली में वोट कटवा रही है। जो सही मतदाता हैं। उनके वोट काटने की साजिश की जा रही है। साथ ही पूर्व सीएम ने आरोप लगाते हुए कहा कि मेरे नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में इनका (बीजेपी का) ऑपरेशन लोटस 15 दिसंबर से चल रहा है। इन 15 दिनों में इन्होंने लगभग 5000 वोटों को डिलीट करने और 7500 वोटों को जोड़ने के लिए आवेदन किया है।
बीजेपी ने भी आप पर निशाना साधा है। बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, 2014 में जब चुनाव हुए थे तब दिल्ली में वोटर्स की संख्या 1 करोड़ 19 लाख थी। इसके बाद 2015 में यह संख्या बढ़कर 1 करोड़ 33 लाख हो गई है। बढ़े हुए 14 लाख लोगों को कौन लाया और कहां से आए इसका कोई जवाब नहीं है।
आम आदमी पार्टी ने दिल्ली चुनाव के लिए 70 की 70 सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है। सीएम आतिशी कालकाजी से चुनाव लड़ रही हैं और पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल नई दिल्ली से मैदान में उतरे हैं। वहीं, दूसरी तरफ अभी बीजेपी ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं और उम्मीदवारों के नामों का ऐलान नहीं किया है।

