नई दिल्ली: महुआ मोइत्रा इन दिनो लगातार खबरों में बनी हुई है। कैश फॉर क्वेरी केस में घिरीं त्रिनमूल कांग्रेस सांसद ने मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि केन्द्र सरकार उनके फोन और ईमेल को हैक करने की कोशिश कर रही है। महुआ मोइत्रा के अलावा कांग्रेस सांसद शशि थरूर, पवन खेड़ा और शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भी अपने फोन में आए अलर्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया है।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, कांग्रेस नेता शशि थरूर, शिवसेना (उद्धव गुट) नेता प्रियंका चतुर्वेदी और पवन खेड़ा समेत तमाम विपक्षी नेताओं का दावा है कि उन्हें अपने फोन और ईमेल पर Apple की तरफ से अलर्ट आया है। अलर्ट में एक चेतावनी दी गई है कि सरकार उनके फोन और ईमेल को हैक करने की कोशिश कर रही है। इस मामले में सरकार ने कहा है कि ये मेल एल्गोरिदम की खराबी के चलते आए हैं। इस संबंध में सरकार जल्द ही बयान जारी करेगी।
टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा जो की अभी ‘कैश फॉर क्वेरी’ केस में घिरीं हैं, ने इस बारे में सबसे पहले Apple की ओर से मिले अलर्ट का स्क्रीन शॉट सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाया।
महुआ ने यह भी दावा किया है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, आप सांसद राघव चड्ढा, सीपीएम महासचिव सीताराम येचुरी के फोन पर भी यही अलर्ट आया है। AIMIM के मुखिया असदुद्दीन ओवैसी ने भी अपने फोन पर अलर्ट मिलने का दावा किया।
महुआ मोइत्रा ने गृह मंत्रालय को किया टैग
गृह मंत्रालय को टैग करते हुए महुआ ने लिखा, “अडानी और पीएमओ के लोग, जो मुझे डराने की कोशिश कर रहे हैं, आपके डर देखकर मुझे आप पर दया आ रही है।” महुआ ने आगे कहा कि अब तक शिवसेना सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, मुझे और INDIA गठबंधन के तीन अन्य नेताओं को ऐसा अलर्ट मिला है। सभी नेताओं नें इस अलर्ट्स का स्क्रीन शॉट शेयर किया है।
शशि थरूर के फोन पर भी आया अलर्ट
कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी ट्वीट कर बताया कि उनके पास भी Apple की ओर से अलर्ट आया है. उन्होंने कहा, मेरे जैसे टैक्स पेयर के खर्चों में अल्प-रोजगार अधिकारियों को व्यस्त रखने में खुशी हुई! उनके पास करने के लिए और कुछ भी महत्वपूर्ण नहीं है?
क्या है कैश फॉर क्वेरी केस?
बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने मोइत्रा पर संसद में सवाल पूछने के लिए एक व्यवसायी से रिश्वत लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने स्पीकर ओम बिरला से महुआ मोइत्रा के खिलाफ लगे आरोपों की जांच के लिए एक कमेटी का गठन करने की मांग की थी।
ओम बिरला ने इस मामले को संसद की आचार समिति के पास भेज दिया था। निशिकांत ने जय अनंत देहाद्राई से मिले एक पत्र के हवाले से मोइत्रा पर ये आरोप लगाया था। सांसद निशिकांत का दावा है कि लोकसभा में हाल ही में पूछे गए महुआ मोइत्र के 61 में से 50 सवाल अडानी मुद्दे पर केंद्रित थे।
वहीं, महुआ ने इस विवाद के लिए निशिकांत दुबे और उनके पूर्व दोस्त जय अनंत को दोषी ठहराया था। महुआ ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने के लिए यह आरोप लगाया गया है।
2 नवंबर को पेश होंगी महुआ मोइत्रा
एथिक्स कमेटी ने महुआ मोइत्रा को 2 तारीख को पेश होने के लिए कहा है। महुआ ने शुक्रवार को अपने पत्र में एथिक्स कमेटी के सामने पेश होने के लिए 5 नवंबर के बाद बुलाने की अपील किया था। इस पर कमेटी की ओर से कहा गया है कि टीएमसी सांसद को 2 नवंबर को एथिक्स कमेटी के सामने पेश होना होगा और कमेटी फिर से महुआ के अनुरोध पर विचार नहीं करेगी।


