
New Delhi: दीवाली से पहले ही दिल्ली एनसीआर की हवा का स्तर खराब श्रेणी में पहुंच गया है। एक्सपर्ट इसकी वजह पंजाब और हरियाणा में पराली जलाने की घटनाओं को बता रहे हैं। पंजाब सरकार के आंकड़ों के अनुसार 15 सितंबर से 6 अक्तूबर 2024 के बीच राज्य भर में 196 खेतों में आग लगने की घटनाएं सामने आई हैं। इसी तरह हरियाणा में भी पराली जलाने के मामले सामने आए हैं।
ये भी पढ़े…
अन्नदाताओं को केंद्र सरकार ने दिया तोहफा, बढ़ाई गेहूं, चना और सरसों पर एमएसपी
देश की राजधानी दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों की हवा की गुणवत्ता खराब होने लगी है। गुरुवार को दिल्ली के सर्वाधिक हवा की गुणवत्ता बहुत खराब स्तर पर दर्ज की गई है। नोएडा समेत कई इलाकों में और गाजियाबाद के कई इलाकों की हवा की गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार दिल्ली की वायु गुणवत्ता गुरुवार को लगातार चौथी सुबह खराब श्रेणी में रही। सुबह 9 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 277 दर्ज किया गया। दिल्ली की गुणवत्ता का स्तर लाल निशान पर यानी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज किया गया। उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार नोएडा और गाजियाबाद के कई इलाकों का प्रदूषण और वायु की गुणवत्ता खराब श्रेणी में दर्ज की गई।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार 0 से 50 के बीच एक्यूआई को अच्छा माना जाता है। 51 से 100 के बीच एक्यूआई को संतोषजनक, 101 से 200 के बीच एक्यूआई को मध्यम, 201 से 300 के बीच एक्यूआई को खराब, 301 से 400 एक्यूआई को बहुत खराब और 401 से 500 एक्यूआई को गंभीर माना जाता है। उधर मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली का न्यूनतम तापमान गुरुवार को सामान्य से एक डिग्री अधिक 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में आसमान साफ रहने की संभावना है और अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद जताई गई है।
