
नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट टीम में पिछले एक हफ्ते में दो बड़े घटनाक्रम देखने को मिले जिनमें प्रमुख तौर पर कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से सन्यास की घोषणा कर दी। इस खबर के बाद पूरे भारतीय क्रिकेट जगत में एक मायूसी देखने को मिली। पिछले डेढ़ दशकों तक भारतीय क्रिकेट पर राज करने वाले ये दो खिलाड़ी के टेस्ट क्रिकेट से रिटायर होने के बाद अब भारतीय क्रिकेट बोर्ड के ऊपर टेस्ट क्रिकेट में नए कप्तान को खोजने का दबाव है। अगले महीने भारतीय क्रिकेट टीम को इंग्लैंड का दौरा करना है जिसको देखते हुए अब नए टेस्ट कप्तान की खोज शुरू हो गई है।
बता दें इंग्लैंड के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए अपनी टीम को अंतिम रूप देने से पहले भारत को कई महत्वपूर्ण फैसले लेने हैं। 7 मई को, रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की, जिससे 2013 से 2025 तक 11 साल से अधिक समय तक चले सबसे लंबे प्रारूप में उनके करियर का अंत हो गया। रोहित के जाने से नेतृत्व में एक शून्य पैदा हो गया है, और भारत को 2023-25 विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अपना अभियान शुरू करने के लिए एक नया कप्तान नियुक्त करना होगा।
इस क्रम में जसप्रीत बुमराह, जिन्होंने 2024-25 बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान पर्थ और सिडनी टेस्ट में टीम का नेतृत्व किया था, पदभार संभालने के लिए एक मजबूत उम्मीदवार थे। हालांकि, कार्यभार प्रबंधन के कारण बुमराह कप्तानी की दौड़ से हट गए हैं, क्योंकि वह इंग्लैंड में सभी पांच टेस्ट के लिए उपलब्ध नहीं हो सकते हैं। इससे शुभमन गिल और ऋषभ पंत के लिए रास्ता खुल गया है, जो अब इस भूमिका के लिए सबसे आगे हैं।
ये भी पढ़े…
ग्राम पंचायतों में तकनीकी क्रांति लाएंगे योगी, नए आदेश से गांव होंगे डिजिटल
रिपोर्ट्स की बात करें तो टेस्ट में कप्तानी के लिए फिलहाल BCCI की पहली पंसद शुभमन गिल माने जा रहे हैं। गिल को भारत का भविष्य का कप्तान माना जा रहा है। वनडे में तो शुभमन को उपकप्तानी की जिम्मेदारी भी सौंप दी गई है। सूर्यकुमार यादव की गैरमौजूदगी में शुभमन टी20 में भी कमान संभाल चुके हैं। ऐसे में वह फिलहाल पहली पसंद बताए जा रहे हैं।
शुभमण गिल ने टेस्ट क्रिकेट में अब तक भारत के लिए खेलते हुए 32 मैचों में 35.05 की औसत से 1893 रन बनाए हैं। इसमें पांच शतक और सात अर्धशतक शामिल है। वह भारत के सबसे फिट खिलाड़ियों में से एक हैं और उनकी फिटनेस की तुलना विराट कोहली से भी होती रही है। गिल को कप्तान बनाए जाने के पीछे दूसरी वजह उनकी फिटनेस है।

