
patna: मंगलवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक के दौरान कुल 25 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई है। सरकारी कर्मचारियों को उम्मीद थी कि कैबिनेट में उन्हें डीए का गिफ्ट मिलेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ। हालांकि इस बैठक में होमगार्ड जवानों के लिए अहम प्रस्ताव को मंजूरी दी गई है।
होमगार्ड जवानों को अतिरिक्त वेतन
बिहार कैबिनेट की बैठक में फैसला लिया गया है कि छुट्टी के दिनों में काम करने पर होमगार्ड जवानों को अब एक महीने का अतिरिक्त वेतन दिया जाएगा। ये वेतन उन्हें मिलने वाले नियमित भुगतान के अतिरिक्त होगा। इसके साथ ही होमगार्ड जवानों को 20 दिनों के अतिरिक्त क्षतिपूर्ति अवकाश की सुविधा भी दी जाएगी।
ये भी पढ़े…
पुलिसकर्मियों को योगी आदित्यनाथ ने दी सौगात, भत्ता बढ़ाने का किया ऐलान
कैबिनेट की बैठक में मुंबई में बिहार भवन के निर्माण के लिए मुंबई पतन प्राधिकरण द्वारा आवंटित जमीन के लिए स्टांप शुल्क की राशि 5 करोड़ 92 लाख 42 हजार 300 रुपए मुंबई के जिलाधिकारी को भुगतान किए जाने की मंजूरी भी दे दी गई है।
इन प्रस्तावों को मिली मंजूरी
इसके अलावा कैबिनेट द्वारा स्वीकृत होने वाले अन्य प्रस्तावों में बिहार स्थानीय क्षेत्र अभियंत्रण सेवा संशोधन नियमावली 2024 में बिहार कृषि विभागीय लिपिक संवर्ग भर्ती प्रोन्नति एवं सेवा शर्त नियमावली 2024 का गठन, स्वास्थ्य विभाग बिहार पटना के अधीन बिहार नर्स संवर्ग के मूल कोटि एवं प्रोन्नति पदों पर नियुक्ति के लिए बिहार नर्स संवर्ग नियमावली 2024 का गठन तथा उनकी सेवा शर्त का निर्धारण तथा वित्त विभाग के अधीन वित्तीय विशेषज्ञ एवं बजट सलाहकार के एक-एक पद का दो वर्षों के लिए कार्यकाल विस्तार शामिल किया गया है।
