अक्षत सरोत्री
नई दिल्ली: आज एससी समाज की और से भारत बंद का आहवान किया गया था। यह आहवान सुप्रीम कोर्ट के फैसले के खिलाफ किया गया था। इसका कुछ स्थानों पर गहरा असर था तो कहीं इसका कोई असर नहीं था।
दरअसल अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के आरक्षण में उप- वर्गीकरण पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले को लेकर भारत बंद का आवाह्न किया गया।
भारत बंद के दौरान बिहार की राजधानी पटना में भारी बवाल हुआ है। पटना के डाक बंगला चौराहा पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस दौरन प्रदर्शनकारियों पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया है। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पटना में कई जगहों पर भारत बंद का असर दिखा।
यूपी के आगरा में भारत बंद का असर देखने को मिला। हजारों की संख्या में जिला मुख्यालय प्रदर्शनकारी पहुंचे। हालांकि, जिला मुख्यालय गेट पर पुलिस ने प्रदर्शन कारियो को रोक दिया। ये प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय के बाहर नारेबाजी कर रहे थे। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल तैनात था।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में भारत बंद को लेकर पुलिस अलर्ट मोड पर है। भारत बंद को लेकर बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मेरठ रोड स्थित अंबेडकर मूर्ति पर एकत्र हुए और वहीं से पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। उनका कहना है कि जिस तरह से सुप्रीम कोर्ट ने आदेश दिया है, उसका वह पूरी तरह से विरोध करते हैं।
अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति आरक्षण को लेकर सुप्रीम कोर्ट के एक फैसले के विरोध में आरक्षण बचाओ संघर्ष समिति ने भारत बंद बुलाया है। भारत बंद का जेएमएम का समर्थन पाकुड़ में देखने को मिल रहा है। बंद को सफल बनाने के लिए जेएमएम के दर्जन भर कार्यकर्ता हिरणपुर स्थित सुभाष चौक में बस के बल्ले लगाकर सुबह-सुबह सड़क पर उतर आये।
भारत बंद का असर अब बिहार के दरभंगा में देखने को मिला। प्रदर्शनकारियों ने ट्रेन को रोक दी। दरभंगा से दिल्ली जाने वाली ट्रेन बिहार संपर्क क्रांति ट्रेन को स्टेशन पर रोक दिया गया। भीम आर्मी के कार्यकर्ता पटरी पर खड़े हैं और ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दे रहे हैं।
