वर्षा वर्मा
दिल्ली में ऑटोवालों का होगा 10 लाख का बीमा, बेटी की शादी पर मिलेंगे 1-1 लाख
Delhi Election: दिल्ली में विधानसभा चुनाव की तारीखों के ऐलान से पहले ही राजनीतिक हलचल जोर पकड़ चुकी है। आम आदमी पार्टी के नेता और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने आज मंगलवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि दिल्ली के ऑटोवालों के लिए 10 लाख का जीवन बीमा कराया जाएगा। साथ ही बेटी की शादी पर एक लाख रुपये की मदद भी की जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा, मैंने ऑटो वाले का नमक खाया है मैं आज इनके लिए पांच बड़ी घोषणाएं कर रहा हूं।
उन्होंने ये भी कहा कि दिल्ली में हमारी सरकार बनने पर ऑटो वालों की बेटी की शादी में सरकार एक लाख देगी। साथ ही साल में 2 बार होली और दीवाली पर वर्दी के लिए उन्हें 2500 रुपये भी अलग से दिए जाएंगे। इसके अलावा इनके बच्चों की प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग का पूरा खर्च सरकार उठाएगी।
ये भी पढ़े…
दिल्ली में आम आदमी पार्टी की दूसरी लिस्ट जारी, जानिए किसे कहां से मिला टिकट
जीवन बीमा के साथ-साथ दुर्घटना बीमा भी
ऑटोवालों के लिए बीमा कराने का ऐलान करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार ऑटो वालों का 10 लाख रुपये का जीवन बीमा भी कराएगी। साथ ही इनका 5 लाख का दुर्घटना बीमा भी कराया जाएगा। ‘पूछो ऐप’ फिर से चालू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि AAP सरकार ऑटो चालकों के साथ खड़ी थी खड़ी है और हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने कहा कि अगले साल फरवरी में जब दिल्ली में हमारी फिर से सरकार बनेगी तो इन चीजों को लागू किया जाएगा। ऑटोवाले बहुत गरीब हैं, जब ये बेटी की शादी करते हैं तो इन्हें तकलीफ होती है अब किसी भी ऑटोवाले की बेटी की शादी होती है तो उन्हें सरकार की ओर से एक लाख रुपये दिए जाएंगे। ऑटोवाले के लिए वर्दी के खर्चे का जिक्र करते हुए केजरीवाल ने कहा कि ऑटोवाले के लिए वर्दी पहनना अनिवार्य होता है। उनके लिए वर्दी बनवाना मुश्किल हो जाता है, इसलिए साल में 2 बार (होली और दिवाली) पर सरकार की ओर से वर्दी बनवाने के लिए 2500-2500 रुपये दिए जाएंगे।
क्या है पूछो ऐप
पूछो ऐप लोगों को रजिस्टर्ड ऑटो ड्राइवरों के मोबाइल नंबरों के दिल्ली इंटीग्रेटेड मल्टी-मॉडल ट्रांजिट सिस्टम द्वारा डेवलप डेटाबेस तक पहुंचने और सवारी बुक करने के लिए उन्हें कॉल करने की सुविधा देता है। और 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए अगले साल फरवरी में चुनाव कराए जाने हैं भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के खिलाफ खड़ी आम आदमी पार्टी लगातार तीसरी बार अपने दम पर सत्ता में बने रहने के लिए लगातार कोशिशों में जुटी हुई है।

