वर्षा वर्मा
नई दिल्ली: जहां एक तरफ दिल्ली विधानसभा के आगामी चुनाव के लिए सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने बीते सोमवार को 20 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की है। वहीं आज आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन की खबरों का खंडन किया है। उन्होंने साफ कहा है कि आम आदमी पार्टी दिल्ली में अपने बलबूते पर चुनाव लड़ेगी। कांग्रेस के साथ किसी भी तरह के कोई भी गठबंधन की संभावना नहीं है। वहीं फिलहाल दिल्ली की सत्ता में वापसी के लिए कांग्रेस अब बेताब सी दिख रही है। ऐसे में कांग्रेस अपनी खोई सियासी जमीन को वापस पाने के लिए एक महीने तक ‘न्याय यात्रा’ के बहाने दिल्ली की गलियों की खाक छानती रही, लेकिन राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे इस यात्रा में शामिल नहीं हुए हैं।
18 विधायकों के काटे टिकट
यह भी जानकारी है, कि आप की दूसरी सूची के मुताबिक, इनके 18 मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए गए हैं। जबकि वरिष्ठ नेता एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया सहित दो अन्य को नयी सीट से चुनाव लड़ाने का फैसला किया गया है। सिसोदिया अब जंगपुरा से चुनाव लड़ेंगे, जबकि शिक्षक और हाल ही में आप में शामिल हुए अवध ओझा, सिसोदिया की वर्तमान पटपड़गंज सीट से चुनाव लड़ेंगे। दूसरी सूची में जिन दो उम्मीदवार की सीट बदली गई है। उनमें वर्तनमान विधानसभा की उपाध्यक्ष राखी बिड़ला हैं। वह वर्तमान में मंगोलपुरी से विधायक हैं। लेकिन पार्टी ने इस बार उन्हें मादीपुर से मैदान में उतारने का फैसला किया है। आप के टिकट पर इस बार मंगोलपुरी से राकेश जाटव धर्मरक्षक चुनाव लड़ेंगे। मादीपुर से मौजूदा विधायक गिरीश सोनी का टिकट इस बार काट दिया गया है। नरेला से विधायक शरद कुमार चौहान के स्थान पर इस बार दिनेश भारद्वाज को उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि तिमारपुर से विधायक और विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक दिलीप के. पांडे के स्थान पर सुरेन्द्र पाल सिंह बिट्टू को मौका दिया गया है। दिल्ली नगर निगम में नेता सदन मुकेश गोयल को पवन शर्मा की जगह आदर्श नगर से मैदान में उतारा गया है। मुंडका सीट से धर्मपाल लाकड़ा की जगह जसबीर कराला को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रदीप मित्तल को रोहिणी से मैदान में उतारा गया है।
ये भी पढ़े…
ऑटो वालों के बल्ले—बल्ले, अरविंद केजरीवाल ने किया बड़ा ऐलान…
फरवरी में है विधानसभा चुनाव
इसके साथ ही आप ने देवली सीट से प्रकाश जारवाल की जगह प्रेम कुमार चौहान को, त्रिलोकपुरी सीट से रोहित कुमार की जगह अंजना पारचा को और कृष्णा नगर सीट से मौजूदा विधायक एसके बग्गा के स्थान पर उनके बेटे विकास बग्गा को मैदान में उतारा है। जितेन्द्र सिंह शंटी शाहदरा सीट से चुनाव लड़ेंगे। क्योंकि मौजूदा विधायक और विधानसभा अध्यक्ष राम निवास गोयल ने उम्र का हवाला देते हुए चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। वहीं मुस्तफाबाद से मौजूदा विधायक हाजी यूनुस के स्थान पर आदिल अहमद खान को मैदान में उतारने की घोषणा की गई है। बिजवासन से विधायक बीएस जून का टिकट काटकर सुरेन्द्र भारद्वाज को टिकट दिया गया है। जोगिंदर सोलंकी मौजूदा विधायक भावना गौड़ की जगह पालम सीट से चुनाव लड़ेंगे।नवीन चौधरी गांधी नगर सीट से चुनाव लड़ेंगे। मौजूदा समय में अनिल कुमार बाजपेयी इस सीट से विधायक हैं। हालांकि आप ने 21 नवंबर को 11 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिनमें छह उम्मीदवार ऐसे हैं जो भाजपा और कांग्रेस छोड़ पार्टी में आए हैं। दिल्ली विधानसभा के लिए फरवरी 2025 में चुनाव होने हैं और आप तीसरी बार सत्ता पर कब्जा बनाए रखने की कोशिश कर रही है। वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने 70 में से 62 पर जीत दर्ज की थी।
