
Delhi Mayor Election: साफ हो गया। प्रमुख विपक्षी दल आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में मेयर चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया है। आप ने बीजेपी पर पार्टी को तोड़ने का आरोप लगाया है। वहीं, बीजेपी की तरफ से राजा इकबाल सिंह को पार्टी की तरफ से मेयर और जयभगवान यादिव को डिप्टी मेयर पद का उम्मीदवार घोषित किया है। दिल्ली में इस महीने के आखिरी में मेयर चुनाव होना है। हाल ही में दिल्ली विधानसभा के अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता ने मेयर चुनाव में भाग लेने वाले विधायकों के नामों की घोषणा भी कर दी थी।
बीजेपी के पास था बहुमत
मेयर का चुनाव जितने के लिए इस समय बीजेपी के पास पूरा बहुमत था। निगम पार्षदों, सांसदों और विधायकों के वोटों को मिलाकर देखा जाए तो इस समय बीजेपी के 135 और आम आदमी पार्टी के 119 वोट बैठ रहे थे। एमसीडी में कांग्रेस पार्टी के भी 8 निगम पार्षद हैं। जानकार पहले से कह रहे थे कि संभव है कि कांग्रेस पार्टी मेयर चुनाव से बाहर रह सकती है। हालांकि, अब आम आदमी पार्टी ने भी चुनाव से हटने का फैसला कर बीजेपी को मेयर पद थाली में परोस कर दे दिया है।
ये भी पढ़े…
गेहूं की अधिक पैदावार से हरियाणा के किसानों में खुशी, MSP में बढ़ोतरी की रखी मांग
MCD में मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी AAP
दिल्ली की पूर्व सीएम और कालकाजी से विधायक आतिशी ने कहा कि आम आदमी पार्टी एमसीडी में भी मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि एमसीडी चुनाव के दौरान बीजेपी ने खूब गड़बड़ी की लेकिन फिर भी वह बुरी तरह से हारी थी। इसके बाद भी वह नहीं रुकी और तमाम पार्षदों को तोड़ा गया। उन्होंने कहा कि हम तोड़फोड़ और खरीद-फरोख्त की राजनीति नहीं करते हैं और इस बार हम MCD मेयर का चुनाव नहीं लड़ेंगे। अब बीजेपी अपनी ट्रिपल इंजन की सरकार बनाये और बिना किसी बहानों के दिल्लीवालों से किए अपने वादे पूरा करे।
दिल्ली का अगला मेयर कौन होगा?
बीजेपी की तरफ से मेयर पद के अपने उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने राजा इकबाल सिंह के नाम की घोषणा की है। बीजेपी की तरफ से राजा इकबाल सिंह मेयर प्रत्याशी के रूप में नामांकन करेंगे। दिल्ली में मेयर चुनाव के नामांकन की आज आखिरी तारीख है। पार्टी की तरफ से जय भगवान डिप्टी मेयर के लिए नामांकन दाखिल करेंगे।


