आजादी के 75 साल, 75 फुट ऊंचा तिरंगा फहरायेंगे गढ़खेड़ा के ग्रामीण

0
569

फरीदाबादः फरीदाबाद जिले में करीब 27 सौ वोटों का गाँव गढ़खेड़ा में इन दिनों अजब सा उत्साह देखने को मिल रहा है। मानों गांव आजादी के अमृत महोत्सव का साक्षी बनते हुए इतिहास बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। क्या बड़े, क्या बूढ़े, क्या युवा सब बस एक ही कार्य में जुटे हैं कि आजादी के 75 वें वर्ष के मौके पर गांव का नाम इतिहास में दर्ज कराना है। इसी कवायद में आजादी के अमृत महोत्सव ग्रामीणों ने 75 फुट ऊंचा तिरंगा फहराने का फैसला लिया है। माना जा रहा है कि यह तिरंगा ग्रामीण क्षेत्र का सबसे ऊंचा तिरंगा होगा। विगत रविवार ग्रामीणों ने एक बैठक कर यह ऐतिहासिक फैसला लिया।


यूं बनेगा इतिहास

आजादी के अमृत महोत्सव के तहत केंद्र सरकार के द्वारा हर घर तिरंगा अभियान की शुरुआत की गई है। इसी कड़ी में आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान शुरू किया जाएग। इस अभियान का उद्देश्य हर भारतीय के दिल में देशभक्ति की भावना को जाग्रत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। सरकार का प्रयास है कि इस अभियान के अंतर्गत देश भर के 20 करोड़ घरों में तिरंगा फहराया जाएगा। ऐसे में भला गढ़खेंड़ा गांव कैसे पीछे रहता। ग्रामीणों ने बैठक कर निर्णय लिया है वे भी इस अभियान को एतिहासिक बनायेंगे और अपने हिस्से का योगदान देंगे और  13 अगस्त को खेल नर्सरी में 75 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा।

ग्रामीण प्रताप सांगवान, सुरेंद्र, मास्टर प्रेमचंद, रामपाल लोर, जयप्रकाश वशिष्ठ का कहना है कि 75 फुट ऊंचा तिरंगा, उन सभी शहीदों को समर्पित है जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपनी कुर्बानी दी थी। तिरंगा देख हमारी युवा पीढ़ी सदा स्वयं को गौरवान्वित महसूस करते हुए अनुशासित व कट्टर देशभक्त बनेगी।

घर.घर जाकर इकठ्ठा होगी सहयोग राशि

ग्रामीण रूपचंद सांगवान, नेत्रपाल, ओमपाल शास्त्री, मोनू चौधरी ने बताया कि 75 फुट ऊंचा तिरंगा लगाने में जो खर्चा आएगाए वह ज्यादा से ज्यादा ग्रामीणों से इकठ्ठा किया जाएगा। तिरंगे को लेकर पूरा गाँव खासा उत्साहित है।

हर घर पहुंचेगा तिरंगा
ग्रामीण जीतपाल, हरिदत्त वशिष्ठ, जनक, कमल दीक्षित, उदयपाल प्रजापति, बाबूराम, सतपाल, रामजीत, अमरचंद ने बताया कि इस तिरंगा ध्वजारोहण से पूर्व सैकड़ों युवा गाँव में तिरंगा मार्च निकालेंगे। उस दिन हर घर तिरंगा भी लगाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि गढ़खेड़ा मुख्यमंत्री मनोहर लाल के मीडिया समन्वयक मुकेश वशिष्ठ का पैतृक गाँव है।

केवल फरीदाबाद का गढ़ेखेड़ा गांव ही क्यों पूरा हरियाणा इन दिनों तिरंगा अभियान में जुटा हुआ है। खुद मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चैटाला और सरकार के सभी मंत्री विधायक इन दिनों तिरंगा अभियान में जुटे हुए हैं। हर गांव, और नुक्कड़, शहर-बाजार सभी जगह आजादी के 75वें वर्ष को अनोखे तरीके से मनाने की तैयारी की जा रही है। कोशिश ये है हर घर तिरंगे के रंग में रंगा नजर आए। उम्मीद कर सकते हैं कि इन सभी प्रयासों से घरों पर भी तिरंगा लहरता दिखेगा। पूरा माहौल देशभक्ति से ओत.प्रोत होगा।

हरियाणा में हर घर तिरंगा मुहिम के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ए कैबिनेट मंत्री रणजीत सिंह चौटाला और विधायक गोपाल कांडा ने अपने एक महीने का वेतन सहयोग में दिया। न सिर्फ शहर बाजार और गांव में बल्कि जेलों में भी तिरंगा अभियान की तैयारी चल रही है। सरकार यह भी प्रयास कर रही है कि राशन डिपो में राशन के साथ झंडा दिया जायेगा अब की बार हर घर तिरंगा रंग में रंगा नजर आएगा। हालांकि इसके लिए 25 रुपये शुल्क रखा गया है। डिपो से कार्डधारक व अन्य कोई भी व्यक्ति तिरंगा लेकर देश के सबसे बड़े पर्व स्वतंत्रता दिवस के जश्न में शामिल हो सकता है। प्रयास किया जा रहा है कि 15 अगस्त से पहले प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाया जाए।
लोगों को किया जा रहा है जागरूक
कई गांव और शहरों में विभिन्न कार्यक्रमों के जरिए तिरंगा अभियान को सफल बनाने की कोशिश की जा रही है। कहीं साईकिल यात्रा के जरिए तिरंगा अभियान के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है तो कहीं सरकारी,गैरसरकारी संगठन लोगों को इस अभियान के विषय में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। राज्य के हर घर, सरकारी आवास, शिक्षण व चिकित्सा संस्थान तथा औद्योगिक इकाईयों पर तिरंगा फहराया जाने के लिए सभी प्रयासरत हैं। अभियान से हर नागरिक को जोड़ने के लिए संस्थाएं, व्यापार मंडल, रेडक्रास, नेहरू युवा केंद्र भी अपने-अपने स्तर पर कार्यरत हैं और सरकार के स्तर पर माॅनिटरिंग का काम चल रहा है।
उम्मीद की जा सकती है आजादी के अमृत महोत्सव के मौके पर सिर्फ गांव गढ़खेड़ा इतिहास कायम करेगा बल्कि हरियाणा के बाकी गांव और ढ़ाणी भी एक दूसरे को इस अभियान में पीछे छोड़ते हुए हर घर तिरंगा अभियान को सफल बनाएंगे और इतिहास कायम करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here