शाश्वत सिंह
पटना: भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच भारत सरकार ने पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर चलाते हुए पाकिस्तान के आतंकी ठिकाने को बुरी तरह से नष्ट कर दिया जिसके बाद पाकिस्तान ने भी जवाबी कार्रवाई की। हालांकि भारत ने पाकिस्तान के हमले का मुंहतोड़ जवाब देते हुए मिसाइल और ड्रोन हमले को नाकाम कर दिया। ऐसे में यह आशंका बढ़ गई है कि कहीं दोनों देशों के बीच युद्ध के हालात न बन जायें। परिणाम स्वरूप केंद्र सरकार के दिशानिर्देशानुसार राज्यों ने भी अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी है। बिहार भी पूरी मुस्तैदी से राज्य की सुरक्षा के इंतजाम में लग गया है।
क्या है बिहार की तैयारी
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी तैयारियों के निर्देश दिये हैं। इतना ही नहीं आज मुख्यमंत्री पूर्णिया जाएंगे और राज्य के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्रों पर केंद्रित एक उच्च स्तरीय सुरक्षा समीक्षा बैठक करेंगे। सीमांचल क्षेत्र में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण पूर्णिया जिला, नेपाल और बांग्लादेश के साथ बिहार की लंबी अंतरराष्ट्रीय सीमा का हिस्सा है।हाल ही में सीमा पार से हुई घटनाओं के बाद सुरक्षा संबंधी बढ़ती चिंताओं के बीच राज्य सरकार ने पूरे क्षेत्र में सतर्कता बढ़ाने के लिए तेजी से कदम उठाए हैं।
समस्त बिहार में होगी मॉक ड्रिल
देश के अन्य राज्यों की तरह एक बार फिर से बिहार में भी मॉक ड्रिल की तैयारियां प्रशासन ने की है। नागरिकों के सुरक्षा के मद्देनजर राजधानी पटना समेत पूरे राज्य में मॉक ड्रिल होगी। इस दौरान विभिन्न जिलों, अनुमंडलों और गांवों में लोगों को जागरूक किया जाएगा।
ये भी पढ़े…
जरूरी चीजों पर हरियाणा सरकार की एडवाइजरी: न हो कमी, न हो कालाबाजारी
ब्लैक आउट की हो रही है तैयारी
सूत्रों की माने तो आने वाले दिनों में पूरे राज्य में ब्लैक आउट किया जाएगा। दरअसल ,पहले हुई मॉक ड्रिल में जो कमियां रह गई थीं, उन्हें बेहतर करने का प्रयास किया जायेगा। इस मॉक ड्रिल के दौरान आपात स्थिति से निपटने व नागरिक सुरक्षा के लिहाज से वॉलंटियर भी शामिल होंगे।
क्या कहते हैं अधिकारी
बिहार के विकास आयुक्त प्रत्यय अमृत ने बताया कि पहले पटना समेत 7 शहरों में मॉक ड्रिल की गई थी। अब इसे पूरे राज्य में करने की योजना है।
मॉक ड्रिल में इन पहलुओं पर होगा ध्यान
मॉक ड्रिल के दौरान लोगों को आपात स्थिति में कैसे सुरक्षित रहना है यह सिखाया जाएगा। मॉक ड्रिल का मकसद लोगों को जागरूक करना और उन्हें आपात स्थिति के लिए तैयार करना है। बड़ी बात यह है कि इस ड्रिल में नागरिक सुरक्षा के लिहाज से जो भी वॉलंटियर भी हिस्सा लेंगे वे आम जन को आपात स्थिति में मदद करेंगे। साथ ही वे आम नागरिकों को को सुरक्षित स्थानों पर ले जाएंगे और उन्हें प्राथमिक चिकित्सा भी देंगे।


