पंचायत खबर टोली
मऊ : शुक्रवार को 43 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ सप्ताह भर बाद बही पछुआ हवा से वातावरण तल्ख हो उठा। सुबह से ताप के बढ़ते प्रभाव बीच दोपहर में लोग छांव की तलाश में लगे रहे। न्यूनतम 26 डिग्री पारा के साथ वातावरण में 40 प्रतिशत आर्द्रता के कारण बाजारों में शीतल पेय पदार्थों की दुकान पर लोगों की भीड़ देखी गई। लस्सी, शर्बत व नारियल पानी के साथ आम के जूस की दुकानों पर लोग जमे रहे। कोल्ड ड्रिंक की अपेक्षा छाछ की बिक्री में तेजी आ गई है। हर दिन बदल रहे मौसम के रूप के बीच लग्न की तेजी होने के कारण फल व सब्जियों के दाम में व्यापक उछाल आया है। इस दौरान अपने तेवर से छकाता मौसम सभी व्यवस्था पर भारी पड़ता नजर आ रहा है। घर लेकर सड़क-बाजार तक लोग इसके प्रभाव से परेशान नजर आए।
शुक्रवार को फल बाजार में केला 60 रुपया दर्जन रहा। अंगूर 80 रुपये तो अनार सैकड़ा तक पहुंच गया। फलों के राजा आम के दाम भी अभी नीचे नहीं आ रहा है। दशहरी जहां 60 रुपये प्रति किग्रा रहा, वहीं अन्य प्रजाति भी 50 तक बिके। अपने आने के साथ ही आकर्षक का केंद्र बना जामून सौ रुपये किलो बिका। पपीता 50 रुपये तथा सेव 150 रुपये किलो बिका। गर्मी में सबसे अधिक मांग वाला फल तरबूज तथा खीरा 20 रुपये किलो बिक रहा है। इस दौरान 10 रुपये में तीन ककड़ी बेचा जा रहा है। अच्छी प्रजाति का नीबू 10 रुपये में तीन पीस मिल रहा है। लग्न शुरू होते ही सब्जी बाजार में गर्मी आ गई है। नेनुआ 20 रुपये, कोहड़ा, 20 रुपये, लौकी 40 रुपये, तरोई 40 रुपये, भींडी, करैला, टमाटर व मूली 30 रुपये बिका। बोरो 30 रुपये तथा गाजर 80 रुपये किलो तक बिका। मौसम के रूख में तेजी आने की दशा में उत्पादन घटने के साथ ही कुछ फल-सब्जी के दाम अभी बढ़ने की आशंका बनी हुई है। विक्रेता दुलारी देवी, अकरम, सुनील व इरफान ने बताया कि गर्मी में उत्पादन प्रभावित होने के साथ ही लग्न होने से इनके दाम बढ़े हुए हैं। स्थानीय सब्जी में गाजीपुर व बनारस तथा फल मंडी में बनारस से माल की आवक होती है। बरसात होने तक इनके दाम में वृद्धि होने की संभावना बनी हुई है।
जंक फूड से करें परहेज
डॉ अरविंद श्रीवास्तव कहते हैं कि जंक फूड जैसे कोल्ड ड्रिंक पिज्जा, पेस्ट्री, पैटीज आदि खाद्य पदार्थों की तरफ बच्चों के साथ युवाओं का झुकाव भी तेजी से हुआ है। गर्मी में बढ़ते तापमान के बीच इस तरह का खानपान पाचन तंत्र प्रभावित करने के साथ स्वास्थ्य भी खराब करेगा। गर्मी में स्वदेशी आहार जैसे नीबू पानी, सत्तू, लस्सी, बेल शर्बत आदि पेय पदार्थ स्वास्थ्य को गर्मी के अनुकूल रखते हुए पाचन तंत्र को मजबूत भी करते हैं। गर्मी के मौसम में खानपान के प्रति सतर्कता के साथ पानी का सेवन भी प्रचुर मात्रा में करना चाहिए।

