
नई दिल्ली: अप्रैल महीने में बेमौसम आंधी-तूफान और वर्षा से रबी फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। कई राज्यों में गुरुवार को हुई तेज बारिश, आंधी-तूफान ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान होने की बात सामने आई है। इनमें प्रमुख रूप से बिहार, उत्तर प्रदेश और हरियाणा शामिल हैं। तेलंंगाना में भी खड़ी फसलों और कटी हुई मिर्च की फसल को नुकसान होने की जानकारी सामने आई है। सभी राज्यों में संबंधित विभागों को राहत कार्य तेज करने के लिए कहा गया है। वहीं, यूपी और बिहार में खराब मौसम से कई लोगों की जान भी गई है। सरकार ने उनके परिवारों/आश्रितों को मुआवजा देने का ऐलान भी किया है।
आईएमडी का अलर्ट
देश के मौसम में एक बार फिर बदलाव हुआ है। भारत मौसम विज्ञान विभाग यानी आईएमडी ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के कारण आज फिर उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और बिजली के साथ बारिश, तेज़ हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना है। साथ ही देशभर में लू की स्थिति भी खत्म होने के आसार भी हैं। कुछ दिन बाद तापमान फिर बढ़ेगा। जो 40 डिग्री सेल्सियस के पार चला जाएगा और लू का दायरा बढ़ जाएगा। वहीं, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में आंधी और बिजली के साथ बारिश जारी रहने की संभावना है।
इन राज्यों-इलाकों में बारिश-ओलावृष्टि
आईएमडी के मुताबिक, आज जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगिट-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद और हिमाचल प्रदेश में दो दिनों तक उत्तराखंड में गरज, बिजली और तेज हवाएं चलने साथ छिटपुट से लेकर हल्की या मध्यम बारिश होने की संभावना है। अगले 7 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ छिटपुट से लेकर व्यापक हल्की और मध्यम बारिश के आसार है। साथ ही 10-12 अप्रैल के दौरान उत्तर-पश्चिम, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत के मैदानी इलाकों में गरज, बिजली और तेज हवाओं के साथ बारिश होगी।
ये भी पढ़े…
बिहार में मौसम का कोहराम, 61 लोगों की मौत, सरकार ने किया मुआवजे का ऐलान
खराब मौसम से यूपी में 22 लोगों की मौत
हालांकि बीते दिन कई राज्यों में शाम तक मौसम ने करवट ली और तेज हवा, आंधी-तूफान, धूलभरी आंधी, के चलते कई फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। खासकर इन दिनों गेहूं की फसल की कटाई चल रही है। जिसे नुकसान का ज्यादा खतरा है। इतना ही नहीं, गुरुवार को उत्तर प्रदेश में खराब मौसम की वजह से 22 लोगों की मौत हो गई। इनमें कई महिलाएं और किसान शामिल हैं। वहीं, उत्तर प्रदेश, हरियाणा में आंधी-तूफान के चलते खड़ी फसल बिछने की घटनाएं भी सामने आई हैं। जिससे किसानों को भारी नुकसान हुआ है।
अगले तीन दिन तापमान में आएगी कमी
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान में 3-5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट होने और उसके बाद 4 दिनों के दौरान धीरे-धीरे 2-4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं, अगले 3 दिनों के दौरान मध्य भारत में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट और उसके बाद 4 दिनों के दौरान कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। आईएमडी ने हीट वेव (लू) की चेतावनी जारी करते हुए कहा कि 14 से 16 अप्रैल तक पश्चिमी राजस्थान और 16 अप्रैल को पूर्वी राजस्थान, हरियाणा और पंजाब में लू की स्थिति का नया दौर आने की संभावना है।


