रायपुर: चुनावी मौसम में नेता गारंटी की बौछार लगा देते हैं या आप कह सकते हैं कि वादों की झ़ड़ी लगा देते हैं। राहुल गांधी ने कहा है कि उनकी सरकार छत्तीसगढ़ में 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा देगी। इसके अलावा मजदूरों को हर साल दी जाने वाली 7 हजार रुपए की राशि को भी बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया जाएगा। साथ ही राहुल गांधी यह भी कहते हैं कि छत्तीसगढ़ की सरकार KG से PG तक मुफ्त शिक्षा देने जा रही है। यानी छत्तीसगढ़ के किसी भी छात्र को सरकारी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए एक भी पैसा नहीं देना होगा।

खैर पांच राज्यों के चुनाव चल रहे हैं। इसके अलावा तो कांग्रेस पार्टी में राहुल गांधी और प्रियंका से बड़ा नेता तो कोई है नहीं और भारत यात्रा के बाद से ही राहुल गांधी अलग-अलग समूहों से संवाद करते रहे हैं। और ये मौका तो चुनाव का है तो खासे बिजी हैं।
राहुल कभी छत्तीसगढ़ में दिखाई दे रहे हैं तो कभी मध्यप्रदेश में तो कभी राजस्थान में। इसी क्रम में राहुल गांधी पहुंचे थे छत्तीसगढ़ और वहां राजानांदगांव में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि वे लगातार प्रदेश के किसानों के साथ बातचीत कर रहे हैं और किसानों का कहना है कि बीते 5 सालों में कांग्रेस ने जो उनके लिए किया है ऐसा किसी सरकार ने नहीं किया है।
इस दौरान उन्होंने आगे कहा कि सरकार दो तरह की होती है। एक गरीबों, किसानों, मजदूरों और बेरोजगारों के लिए काम करती है। दूसरी- अडानी जैसे अमीर उद्योगपतियों के लिए काम करती है। मोदी सरकार ने 14 लाख करोड़ रुपए से अडानी जैसे लोगों का कर्ज माफ किया है, लेकिन किसानों का कर्ज माफ नहीं किया।
10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा
यहां भी राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी की सरकार पर जोरदार हमला बोला और कहा कि मोदी सरकार अडानी के लिए काम करती है और कांग्रेस जनता के लिए काम करती है। इसके अलावा छत्तीसगढ़ के लिए कांग्रेस ने नई घोषणा की है। अब छत्तीसगढ़ में 10 लाख रुपए का स्वास्थ्य बीमा मिलेगा इसके अलावा मजदूरों को हर साल दी जाने वाली 7 हजार रुपए की राशि को भी बढ़ाकर 10 हजार रुपए किया जाएगा। बीजेपी के नेता चाहते हैं कि आपके बच्चे मजदूरी करें और उनके बच्चे विदेश में नौकरी करें। लेकिन कांग्रेस चाहती है कि छत्तीसगढ़ के बच्चे बड़े से बड़ा सपना देखें और उन सपनों को पूरा करें। ये हमारी सोच है। राहुल ने यह भी कहा कि पूरे छत्तीसगढ़ में हमने करीब 400 स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल खोले हैं, 33 नई यूनिवर्सिटी बनाई हैं। हमने नई घोषणा की है कि छत्तीसगढ़ की सरकार KG से PG तक मुफ्त शिक्षा देने जा रही है। यानी छत्तीसगढ़ के किसी भी छात्र को सरकारी स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी में पढ़ाई के लिए एक भी पैसा नहीं देना होगा।
जनता किसके वादे पर भरोसा करेगी ये उस नेता या उस दल के ट्रैक रिकार्ड पर निर्भर करता है। लेकिन नेताओं को तो कुछ कहना ही है, वादे भी करने हैं…अब ये जनता को तय करना है कि वादे पर भरोसा करें…उस गाने की तरह कि वादे पर तेरे मारा गया…बन्दा ये सीधा सादा।

