
Chilli Plant: पंजाब सरकार किसानों की आमदनी बढ़ाने और कृषि विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए एक नई पहल करने जा रही है। राज्य के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां ने बताया कि अबोहर में एक 9.50 रुपए करोड़ का मिर्च प्रसंस्करण प्लांट स्थापित किया जा रहा है, जो सितंबर 2025 तक चालू हो जाएगा। यह प्लांट पंजाब एग्री एक्सपोर्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड (PAGREXCO) द्वारा लगभग एक एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है। इसकी प्रसंस्करण क्षमता 5 टन प्रति घंटा होगी।
मिर्च की खेती में बढ़ोतरी
राज्य में मिर्च की खेती का रकबा हर साल बढ़ रहा है। सरकार किसानों को उच्च उत्पादकता वाली किस्में उगाने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, जो प्रसंस्करण के लिए उपयुक्त हों।
2024 में रिकॉर्ड उत्पादन
वर्ष 2024 में पंजाब में मिर्च की खेती 10,614 हेक्टेयर में की गई, जिससे 21,416 मीट्रिक टन मिर्च का उत्पादन हुआ। यह अब तक का सबसे अधिक रकबा और उत्पादन है। फिरोज़पुर जिला मिर्च उत्पादन में सबसे आगे है, जहां औसतन 19 मीट्रिक टन प्रति हेक्टेयर की पैदावार हो रही है। इसके बाद पटियाला, मालेरकोटला, संगरूर, जालंधर, तरनतारन, अमृतसर, एसबीएस नगर और होशियारपुर जिलों का नंबर आता है।
ये भी पढ़े…
जहर बोएंगे तो मौत की फसल ही काटेंगे: “विश्व खाद्य सुरक्षा दिवस” पर आत्मचिंतन की है दरकार
PAGREXCO का रोल
PAGREXCO सीधे किसानों और एग्रीगेटर्स से मिर्च खरीदता है और उनके पास एक मजबूत मार्केटिंग नेटवर्क है। यह संस्था रेड चिली पेस्ट का मध्य पूर्व और अफ्रीकी देशों में निर्यात भी करती है।
किसानों को मिलेगा फायदा
कृषि मंत्री ने कहा कि मिर्च की खेती अब पंजाब में गेहूं और धान जैसी पारंपरिक फसलों का अच्छा विकल्प बन रही है। इससे किसानों को बेहतर आमदनी मिल रही है और खेती में नवाचार को बढ़ावा मिल रहा है।
भविष्य की संभावनाएं
पंजाब की जलवायु और मिट्टी मिर्च की खेती के लिए अनुकूल है। इसी कारण राज्य अब मिर्च उत्पादन और प्रसंस्करण में एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में उभर रहा है। सरकार के इस प्रायस की मदद से न सिर्फ किसानों की आय बढ़ेगी बल्कि किसान आत्मनिर्भर बन सकेंगे, साथ की किसानों को आर्थिक रूप से मजबूती भी मिलेगी।


