PM Kisan Samman Nidhi Yojana: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के किसानों को पांच अक्टूबर को सौगात देंगे। देश के किसानों के खाते में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत 18वीं किस्त की राशि ट्रांसफर की जाएगी। महाराष्ट्र के वाशिम जिले में एक समारोह में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 18वीं किस्त जारी करेंगे। वाशिम जिला प्रशासन ने कहा कि इस आयोजन में देश भर के 9.4 करोड़ से अधिक किसानों को प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण के माध्यम से 20,000 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्राप्त होगी।
इससे संबंधित एक अधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि देश भर में लगभग 2.5 करोड़ किसान वेब कास्ट के माध्यम से इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। जिनमें 732 कृषि विज्ञान केंद्र एक लाख से अधिक प्राथमिक कृषि सहकारी समितियां और पांच लाख सामान्य सेवा केंद्र शामिल हैं। एक बयान में कहा गया है पीएम-किसान की 18वीं किस्त जारी होने के साथ, योजना के तहत कुल वितरण 3.45 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो जाएगा। यह ग्रामीण विकास और कृषि समृद्धि के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि करता है।
ये भी पढ़े…
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने प्रदेश के लिए नई कृषि नीति बनाने को दी मंजूरी
बता दें कि अब तक महाराष्ट्र में 17 किस्तों में लगभग 1.20 करोड़ किसानों के खाते में 32,000 करोड़ रुपये हस्तांतरित किए गए हैं। जो सभी राज्यों के लिए दूसरा सबसे अधिक है। 18वीं किस्त में राज्य के लगभग 91.51 लाख किसानों के खाते में 1,900 करोड़ रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर की जाएगी। पीएम नमो शेतकरी महासम्मान निधि योजना की 5वीं किस्त के तहत महाराष्ट्र के किसानों को लगभग 2,000 करोड़ रुपये का अतिरिक्त लाभ भी जारी करेंगे। प्रेस रिलीज में कहा गया है कि इस दौरान पीएम मोदी प्रधानमंत्री कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत 7,516 पूर्ण परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
महाराष्ट्र के वाशिम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र को 9,200 एफपीओ समर्पित करेंगे। इसके साथ ही पीएम ‘मवेशी और स्वदेशी सेक्स सॉर्टेड वीर्य प्रौद्योगिकी के लिए एकीकृत जीनोमिक चिप और ग्राम पंचायत को सामाजिक विकास अनुदान का ई-वितरण’ के साथ-साथ एमएसकेवीवाई 2.0 के तहत पांच सौर पार्क लॉन्च करेंगे। पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत लगभग किसान को एक साल में छह हजार रुपये दिए जाते हैं। यह राशि तीन किस्तों में किसानों के खाते में दी जाती है।

