संतोष कुमार सिंह
स्वतंत्रता के 70 साल पूरे होने पर आज लाल किले के प्राचीर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज कुल 95 मिनट भाषण दिया। इस दौरान उन्होंने गांव, किसान और गरीब के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे कार्यो का न सिर्फ लेखा जोखा दिया, बल्कि भविष्य की रूपरेखा भी बताई।
ग्राम प्रधान हो या प्रधानमंत्री हर किसी को सुराज के लिए अपनी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। यह सही है कि देश के सामने समस्याएं अधिक हैं, लेकिन हम ये न भूलें कि देश के पास सामर्थ्य भी अधिक है। देश के पास समस्याएं अधिक हैं, तो 125 करोड़ मस्तिष्क भी है। हर ग्रामीण की अपेक्षा रहती है कि उसके गांव तक पक्की सड़क आए, हमने उसको गति देने का काम किया है। पहले 75 किलोमीटर सड़क प्रतिदिन के हिसाब से बनती थी हमने 100 किलोमीटर की सड़क प्रतिदिन बनाने का काम शुरू कर दिया है। हिन्दुस्तान के गांवों में खुले में शौच बंद होने की आवाज मैंने उठाई। आज मैं कह सकता हूं कि डेढ़ करोड़ शौचालय गांवों में बनाए जा चुके हैं। 18000 गांवों में से 10 हजार गांवों में बिजली पहुंच गई है। आज कई गांव ऐसे हैं जहां आजादी के इस जश्न को लोग टीवी पर देख रहे हैं। दिल्ली से 3 घंटे की दूरी पर हाथरस इलाके में एक गांव है नगला फटेला, लेकिन बिजली को पहुंचने में 70 साल लग गए। पिछले एक साल में सौर ऊर्जा में 40% वृद्धि हुई है। एलईडी बल्ब 350 रुपये में आता था आज 50 रुपये में बेच रहे हैं। 13 करोड़ बल्ब आज पूरे देश में बांटे गए हैं। 77 करोड़ बल्ब बांटने का संकल्प है। .गैस गांवों तक पहुंचाने का काम हमने काफी कुछ किया है। हमने पोस्ट ऑफिस को पेमेंट बैंक बनाने की दिशा में काम शुरू किया है। गांव-गांव तक पोस्ट ऑफिस में बैंक खुल जाएगा। आधार कार्ड से लोगों के खाते में पैसा जाने लगा है इससे बिचौलिया का खात्मा हो गया है। योजनाओं से फर्जी नाम हटाकर करोड़ों रुपये बचाए।
किसान के मन की बात
दो साल देश में आकाल रहा। सब्जियों के दाम पर असर दिखा, दाल का उत्पादन गिरा, महंगाई बढ़ी। हमने महंगाई को रोकने का भरपूर प्रयास किया है और करता रहूंगा। आपकी थाली को महंगी नहीं होने दूंगा। किसान भाइयों को दो साल के अकाल के बावजूद देश के आनाज भंडार को भरने के लिए जो अथक प्रयास किया उसके लिए धन्यवाद देता हूं। अत्यधिक वर्षा से प्रभावितों को सरकार जरूर मदद करेगी। दाल की बुआई डेढ़ गुना हो गई है। किसानों के लिए हमने जल प्रबंधन, सिंचन पर बल दिया है। माइक्रो इरीगेशन पर हम ध्यान दे रहे हैं। दाल के समर्थन मूल्य को बेहतर किया है, किसानों को प्रोत्साहित कर रहा हूं इस बार किसानों ने दाल की बुआई को डेढ़ गुना किया है। जमीन की सेहत के लिए हमने कई तरह के प्रयास किए हैं। किसानों ने स्वॉयल हेल्थ कार्ड के जरिए लाभ उठाया है किसानों के लिए इनाम नाम का ऑनलाइन सिस्टम शुरू किया। 2022 तक किसान की आय दोगुना करने का लक्ष्य है।
खाद की कमी अब बीते दिनों की बात हो गई है। हमने किसानों के लिए फसल बीमा योजना बनाई है।हमने किसान की लागत कम करने के लिए सोलर पंप की दिशा में काम शुरू किया है। ताकि, उनका खर्चा कर पड़े। अबतक 77 हजार सोलर पंप बांटा गया है। अच्छे बीज के लिए हमारे देश के वैज्ञानिकों ने 131 से ज्यादा कृषि बीज तैयार किये हैं। मैं इन वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं। हमने खाद की कमी दूर कर दी। हमने फसल बीमा योजना बनाई। 15 लाख टन अजान भंडारण की दिशा में काम किया है। यूपी में हर साल गन्ना किसानों के बकाया की खबर दिखती थी। हमने पुराना बकाया 99.95% चुकता कर दिया है। इस बार जो गन्ना बेचा गया वो भी अबतक 95% दाम चुका दिया गया है। जो बचा है वो भी जल्दी चुका दिया जाएगा।
गरीब के मन की बात
गरीबी से आज़ादी से बड़ा कोई जश्न नहीं। हम मिलकर गरीबी से लड़ें अपनों से लड़कर कुछ नहीं मिलेगा। हमने पिछले साल ग्रुप सी और डी की जॉब के लिए इंटरव्यू खत्म कर दिया था। 9000 पदों पर इंटरव्यू खत्म कर दिए। हमने महिलाओं को गरीबी से लड़ने के लिए सशक्त बनाने की दिशा में काम करना शुरू किया है। हमने प्रसूती के लिए छुट्टी 26 हफ्ते कर दिया है। सरकार गरीबों को स्वस्थ रखने की दिशा में काम करने जा रही है। बीपीएल की एक लाख तक की बीमारी का खर्चा केंद्र सरकार वहन करेगी। आदिवासियों ने आजादी की लड़ाई में अहम योगदान दियाआदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की याद में म्यूजियम बनाए जाएंगे।



