दस चरणों में संपन्न होने वाले बिहार पंचायत चुनाव के पहले चरण की पूर्णाहूति आज हुई। जीतने के लिए हर तरह का दमखम दिखाया गया। कहीं गोली चली, तो कहीं लाठी डंडे की बदौलत ताकत की आजमाईश। तो कहीं धमकी से ही काम चला लिया गया..चुनाव बाद देख लेंगे। किसी ने लालच देकर अपना प्रभाव दिखाया तो किसी को मलाल था दारूबंदी ने उनके मंसूबे पर पानी फेर दिया है हालांकि मतदान बूथों पर सुबह 7 बजे से ही कतार लगने शुरू हो गए। गर्मी के कारन दोपहर में थोड़ी भीड़ कम देखी गयी,लेकिन शाम को फिर से लोगों ने जम कर मतदान किया। बिहार राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव दुर्गेश नंदन के मुताबिक पहले चरण में सभी 38 जिलों के 60 प्रखंडों में मतदान हुआ। इसके लिए 12568 बूथ बनाये गये थे। पहले चरण में जिला पर्षद के 124 पदों, पंचायत समिति के 1247 पदों, ग्राम पंचायत मुखिया के 906 पदों, कचहरी सरपंच के 906 पदों के साथ पंचायत सदस्य के 12371 और पंच के 12371 पदों के लिए मतदान हुआ। कुल 61 लाख 25 हजार 167 मतदाता हैं।
पंचायत आम निर्वाचन 2016 के इस प्रथम चरण में राजधानी पटना के दानापुर और मनेर प्रखंड में छह मतदान केंद्रों को मॉडल महिला मतदान केंद्र बनाया गया था, जहां सभी महिला मतदान कर्मी और सुरक्षा कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गयी थी। पटना के जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल के मुताबिक इन मतदान केंद्रों को पिंक बूथ के रूप में सजाते हुए महिला सशक्तिकरण के एक उदाहरण के तौर पर पेश किया गया।
गर्मी ने बिगाडा खेल,इंतजाम में कमी
आम चुनाव या विधानसभा चुनावों में देखने को मिली. इस बार उम्मीद से कम वोटिंग हुई है.कारण के रूप में केंद्रों पर मतदाताओं के लिए व्यवस्था का नाम होना भी बताया जा रहा है. तीन बजे तक मात्र 35 प्रतिशत वोट डाले गये.
जगह-जगह छिटपुट हिंसा..जमुई में फायरिंग, आरा में झड़प
भोजपुर जिले के संदेश प्रखण्ड में चल रहे पंचायत चुनाव में जमकर हंगामा हुआ। हंगामा कर रहे लोगों ने बूथ पर तोड़फोड़ मचा दी और बैलेट पेपर फाड़ दिया। वहीं पुलिस ने हंगामा करने वालों पर जमकर लाठियां भांजी। जमुई के चकाई के बसमट्टा गांव स्थित मतदान केंद्र पर फायरिंग की खबर है। बूथ संख्या 231 पर मुखिया पद के एक प्रत्याशी ने हवाई फायरिंग की है। साथ ही आरा के संदेश में भी पुलिसकर्मियों पर पथराव की खबर है। इस बूथ पर मतदानकर्मियों के साथ मारपीट की खबर है। घटना के बाद पुलिस ने 10 लोगों को हिरासत में लिया है।
बांका व मुंगेर में भी कई बूथों पर झड़प हुई है। नवादा में भी जिप प्रत्याशी के साथ मारपीट हुई है। मधुबनी के झंझारपुर प्रखंड के नवानी पंचायत का बैलेट पेपर बदलने को लेकर बूथ संख्या-205 और 206 के मतदाताओं ने वोट बहिष्कार कर दिया। इन दोनों बूथ पर पंचायत समिति के प्रत्याशियों के नाम और चुनाव चिन्ह्र नहीं है। नवादा के सोनसा के बूथ नंबर 67 पर से वोट देकर जा रहे मतदाता के साथ मारपीट किया गया है। पीड़ित का नाम प्रमोद कुमार हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है. समस्तीपुर के पीठासीन पदाधिकारी प्रो. अनुपम की हार्ट अटैक रूपौली बूथ पर मौत हो गयी।

