बजट में युवाओं को रोजगार देने और उन्हें स्वावलंबी बनाने की दिशा में कई पहल किए गए हैं। सरकार ने एक बार फिर बजट में युवाओं को 10 लाख नौकरी देने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया है। सरकार ने आंकड़े जारी कर बताया है कि राज्य के तीन आयोगों के माध्यम से इस साल लगभग 64 हजार और विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में लगभग 2.66 लाख नई नियुक्तियां की जाएंगी, जबकि 13571 नियुक्तियों की प्रक्रिया चल रही है। बिहार के वित्त मंत्री विजय चौधरी ने मंगलवार को 2023-24 का बजट पेश किया। बजट के आकार में पिछले साल की तुलना में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। इस बार के बजट में युवाओं को नौकरी और रोजगार में प्राथमिकता के साथ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की पहल की गई है।
पिछले साल की तरह इस बार सरकार की प्राथमिकता में शिक्षा है। इस बार शिक्षा के बजट को बढ़ाकर 40,450.91 करोड़ कर दिया गया है। पिछली बार शिक्षा का बजट 39191.87 करोड़ रुपए था। अगर इस बार पूरे बजट में शिक्षा के शेयर की बात करें तो ये 22% है।
वहीं शिक्षा के बाद दूसरे नंबर पर हेल्थ डिपार्टमेंट को तवज्जो दी गई है। हेल्थ को इस बार 16966.42 करोड़ रुपए का बजट आवंटित किया गया है जो लगभग पिछले साल के बराबर ही है। वहीं इस बार कृषि विभाग के बजट आधा कर दिया गया है। पिछली बार जहां कृषि विभाग का बजट 7712.30 करोड़ था। इस बार इसे घटाकर 3639.78 करोड़ कर दिया गया है।
सीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट 7 निश्चय पर फोकस
बजट के खर्च में एक बार फिर से सरकार का फोकस सीएम नीतीश कुमार के ड्रीम प्रोजेक्ट सात निश्चय पर है। इसमें मुख्य तौर पर युवा शक्ति, महिला सशक्तिकरण, हर खेत तक पानी, स्वच्छ गांव, स्वच्छ शहर और सबसे के लिए स्वास्थ्य को केंद्र बिंदु में रखा गया है। महिला सशक्तिकरण के लिए महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए जीविका के दायरे को बढ़ाया गया है।
सरकार के बजट में इस बार कोई भी बड़ी नई घोषणा नहीं की गई है। जो योजनाएं पहले से धरातल पर जारी है उन्हें ही एक बार फिर से दोहराया गया है। चाहे वो कृषि की बात हो, उद्योग की बात हो या फिर इन्फ्रास्ट्रक्चर की बात हो। सभी में योजनाओं को पूरा करने पर फोकस किया गया है।
बिहार सरकार ने बजट में 10 लाख नौकरियों देने की बात दोहराई। वित्त मंत्री विजय चौधरी ने इढरउ से लेकर पुलिस में बंपर भर्तियों का ऐलान किया। वित्त मंत्री ने कहा कि इढरउ से 49 हजार, इळरउ में 12 हजार और इररउ में 29 सौ भर्तियां होंगी। पुलिस में विभिन्न पदों पर 75 हजार नियुक्ति की जाएगी। शिक्षा विभाग में नई भर्तियों की भी बात कही।