अक्षत सरोत्री
दिल्ली: कथित शराब घोटाले को लेकर सीबीआई ने अदालत को सूचित किया कि उन्हें मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और आप के विधायक दुर्गेश पाठक के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी मिल गई है। यह दलील विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा के समक्ष दी गई, जिन्होंने मामले की सुनवाई 27 अगस्त को तय की थी।
मामले में केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 27 अगस्त को खत्म होनी है। अदालत ने 12 अगस्त को मामले में केजरीवाल और पाठक के खिलाफ मुकदमा चलाने के लिए आवश्यक मंजूरी प्राप्त करने के लिए सीबीआई को 15 दिन का समय दिया था।
बता दें कि, अरविंद केजरीवाल की सीबीआई मामले में गिरफ्तारी पर दायर याचिका पर आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होनी थी, लेकिन उन्हें राहत नहीं मिली। सीबीआई ने मामले में और वक्त मांगा, जिसके बाद अदालत ने 5 सितंबर तक के लिए सुनवाई टाल दी।
दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी ने अरविंद केजरीवाल को लेकर नया कैंपेन लॉन्च किया है। पार्टी ने कहा कि तानाशाह की जेल की दीवारें तोड़कर केजरीवाल आएंगे। पार्टी ने एक नया नारा भी दिया है- मनीष सिसोदिया आ गए, केजरीवाल आएंगे।
