
लखनऊ: यूपी में धीरे-धीरे ठंडक का एहसास होने लगा है और तापमान में बदलाव होने से रात में हल्की ठंड होने लगी है। हालांकि दिन के समय अभी भी गर्मी हो रही है। इसी बीच आईएमडी ने धनतेरस पर यूपी पर बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार प्रदेश में 28 अक्टूबर यानी सोमवार को पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रह सकता है जबकि पूर्वी यूपी में दक्षिणी-पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की से हल्की बारिश होने की संभावना भी है। वहीं दो दिनों तक वाराणसी और प्रयागराज में हल्की बारिश हो सकती है। आने वाले दिनों में भी यूपी का मौसम ऐसा ही बना रहेगा। दिवाली के बाद थोड़े बदलाव होने की संभावना जताई गई है। इस बीच मौसम विभाग ने कई स्थानों पर हल्की बारिश होने का अनुमान भी लगाया है।
इन जिलों में बारिश के आसार
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, बलिया और आजमगढ़ में बारिश हो सकती है। साथ ही मऊ, जौनपुर, वाराणसी, संतरविदास नगर, प्रयागराज, कौशांबी, चित्रकूट में बारिश होने की संभावना है। वहीं तापमान को लेकर मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि दिन में तापमान समान रहने वाला है। उसके बाद अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोत्तरी हो सकती है। जबकि न्यूनतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस तक की कमी देखी जा सकती है।
ये भी पढ़े…
राष्ट्रपति ने महिलाओं को दिया दिवाली का गिफ्ट, महतारी वंदन योजना की 9वीं किश्त जारी
कितना रहेगा तापमान
बुलंदशहर में 19℃, मेरठ में 19.5℃, मुजफ्फरनगर में 18.9℃ और झांसी में 19.4℃ न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया है। वहीं 29 अक्टूबर को भी पूर्वी यूपी में कहीं-कहीं पर बहुत हल्की बारिश हो सकती है। जबकि पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रह सकता है। इसके अलावा 30 और 31 अक्टूबर को प्रदेश के दोनों हिस्सों में मौसम साफ रह सकता है।
ठंड की शुरुआत
प्रदेश में दिवाली के बाद से मौसम बदलने लगेगा तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है छठ के आसपास कई जिलों में ठंड बढ़ने लगेगी अनुमान है कि 15 नवंबर तक प्रदेश में सर्दियों की शुरुआत होगी। मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो इस साल यूपी में बारिश की तरह रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ने वाली है। लोगों को स्वास्थ्य का खास ख्याल रखने की सलाह दी जा रही है।
कई जिलों में बढ़ा एक्यूआई
सर्दियों की शुरुआत के साथ प्रदेश के कई जिलों का एक्यूआई बढ़ने लगा है। यहां वायु प्रदूषण बढ़ने का सबसे अधिक प्रभाव बुजुर्गों और बच्चों पर पड़ रहा है। प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भी वायु गुणवत्ता खराब स्थिति में है। जाहिर है की लोगों को प्रदूषण का सामना करना पड़ रहा है।

