वर्षा वर्मा
Delhi Chunav 2025: कांग्रेस ने दिल्ली की बाकी बची दो सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने आखिरी लिस्ट में जिन दो उम्मीदवारों को टिकट दिया है। उनमें तिमारपुर से लोकेंद्र चौधरी को टिकट दिया है। वहीं रोहतास नगर से सुरेश वाटी चौहान को टिकट मिला है। इस वक्त कांग्रेस दिल्ली के चुनाव प्रचार में जी-जान से जुटी हुई है। अब राहुल गांधी भी दिल्ली में चुनाव प्रचार करते नजर आ रहे है।
कांग्रेस ने 500 में एलपीजी सिलेंडर देने का किया वादा
कांग्रेस ने बुधवार को कहा कि अगर वह दिल्ली में सत्ता में आई तो दिल्ली के निवासियों को 500 रुपये में एलपीजी (घरेलू रसोई गैस) सिलेंडर, मुफ्त राशन किट और 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देगी। तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने यहां अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिल्ली प्रभारी काजी निजामुद्दीन और कांग्रेस की दिल्ली इकाई के प्रमुख देवेंद्र यादव के साथ संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह घोषणा की।
ये भी पढ़े…
दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘घर बैठे वोट’ की सुविधा, अभी भी मौका, जल्द करें आवेदन
शिक्षित बेरोजगार युवाओं से भी कांग्रेस का वादा
रेड्डी ने कहा, ‘‘कांग्रेस अगर दिल्ली में सत्ता में आती है तो वह अपनी पांच गारंटी पूरी करेगी।” कांग्रेस ने छह जनवरी को अपनी ‘प्यारी दीदी योजना’ की घोषणा की थी। जिसमें सत्ता में आने पर दिल्ली की महिलाओं को 2,500 रुपये मासिक आर्थिक सहायता देने का वादा किया गया। पार्टी ने आठ जनवरी को अपनी ‘जीवन रक्षा योजना’ की घोषणा की, जिसके तहत 25 लाख रुपये तक का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया गया। पार्टी ने रविवार को दिल्ली में शिक्षित बेरोजगार युवाओं को एक साल तक हर महीने 8,500 रुपये देने का भी वादा किया। दिल्ली में 70 सदस्यीय विधानसभा के लिए मतदान पांच फरवरी को होगा और मतों की गिनती आठ फरवरी को होगी।

