
- बचौल बोले- गजवा-ए-हिंद की मानसिकता
दरभंगा: होली और रमजान को लेकर उत्तर प्रदेश से लेकर बिहार तक बवाल मचा हुआ है। उत्तर प्रदेश में संभल के सीओ अनुज चौधरी ने कहा कि ‘रंगों का त्योहार साल में केवल एक बार आता है। जबकि जुम्मा की नमाज साल में 52 बार आती है। और इसलिए मैं अपने मुस्लिम भाइयों को सलाह देता हूं। जो सोचते हैं कि जुम्मा की नमाज के लिए जाते समय रंगों में सना हुआ होना अपवित्र होगा। उन्हें सड़कों पर होली का जश्न खत्म होने तक घर के अंदर ही रहना चाहिए।’ अब होली-रमजान विवाद पर बिहार के दरभंगा की मेयर का बयान आया है। जिसे संभल के सीओ के बयान का जवाब माना जा रहा है।
शुक्रवार को होली मनाए जाने को लेकर देशभर में अलग-अलग नेताओं के बयानों पर हंगामा अभी थमा भी नहीं था कि दरभंगा की मेयर अंजुम आरा भी इस विवाद में कूद पड़ीं। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने कहा कि किसी भी हालत में जुमे की नमाज का समय नहीं बदला जा सकता। ऐसे में जुमे की नमाज के मद्देनजर दरभंगा में होली खेलने पर दो घंटे का ब्रेक लगाया जाना चाहिए।
क्या बोलीं दरभंगा की मेयर?
मेयर अंजुम आरा ने कहा कि समाज में चंद असामाजिक तत्व हैं। जो माहौल खराब करते हैं। ऐसे में जब दोपहर 12:30 से 2 बजे तक नमाज का समय होता है। तो होली के दिन थोड़ा ब्रेक होना चाहिए। इस दौरान होली खेलने वाले लोगों को मस्जिद से दो घंटे की दूरी बनाकर रखनी चाहिए। मेयर अंजुम आरा ने जिला शांति समिति की बैठक से बाहर आने के बाद यह बयान दिया। उन्होंने यही बात जिला प्रशासन के सामने भी रखी है। अब देखना यह है कि मेयर की बातों को जिला प्रशासन किस तरह से लेता है। लेकिन मेयर के बयान को लेकर दरभंगा में राजनीति गरमाने वाली है।
ये भी पढ़े…
जेडीयू नेता का बीजेपी से उलट बयान
हालांकि मेयर बनने के बाद अंजुम आरा अपने पति के साथ साल 2023 में पटना में जेडीयू में शामिल हो गई थी। एक तरफ जहां बीजेपी नेता जुमे की नमाज और होली एक साथ पड़ने को लेकर लगातार अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। वहीं उनकी सरकार में भागीदार जेडीयू मेयर बीजेपी के ठीक उलट कह रही हैं।
वो मेयर आतंकी मानसिकता वाली
मेयर के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर ने कहा, ‘होली पर कोई रोक नहीं लगेगी। वो मेयर आतंकी मानसिकता वाली महिला है। वो मेयर गजवा-ए-हिंद मानसिकता वाली महिला है। हम उनके परिवार को जानते हैं। वो होली कैसे रोकेगी। होली नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी, नहीं रुकेगी। होली का कार्यक्रम 1 मिनट के लिए भी नहीं रुकेगा।’

