
गोरखपुर: यूपी के गोरखपुर में शुक्रवार को होली पर्व के कारण जुमे की नमाज का समय बदला गया है। उलमा ए किराम व दरगाह मुबारक खां शहीद कमेटी ने जुमे की नमाज को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। शुक्रवार (14 मार्च) को होली के मौके पर जुमे की नमाज 2 बजे के बाद अदा की जाएगी।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल होली का त्यौहार 14 मार्च (शुक्रवार) को है। इसी दिन जुमे की नमाज भी पढ़ी जाती है और रमजान का महीना भी चल रहा है। ऐसे में गोरखपुर के मुस्लिम धर्मगुरुओं ने एक शानदार पहल करते हुए जुमे की दोपहर की नमाज को 2 बजे के बाद से अदा करने की बात कही है।
ये भी पढ़े…
योगी सरकार का किसानों के लिए बड़ा फैसला, लखनऊ समेत इन जिलों में तय होगा जमीनों का नया सर्किल रेट
दरगाह मुबारक खां शहीद आस्ताने पर मुस्लिम समुदाय के धर्मगुरुओं ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की। इसमें जनपद के तमाम उलेमा-ए-किराम और मस्जिद के इमाम साहेबान ने भाग लिया। इस बैठक में ये सहमति बनी कि देश व प्रदेश में भाईचारा कायम रखने के लिए रमजान के पाक महीने में 14 मार्च को होली का त्यौहार पड़ रहा है। उसी दिन जुमा भी है। इस कारण मुस्लिम समाज ने अपने हिंदू भाइयों के त्योहार होली पर्व को देखते हुए जुमे की नमाज के समय को दो घंटा आगे रखने का निर्णय लिया है।
आपस में भाईचारा और शांति बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। ऐसे में गोरखपुर शहर और उसके आसपास की मस्जिद में जुमे की नमाज दोपहर 2 बजे से अदा की जाएगी। बैठक के दौरान मुफ़्ती खुर्शीद साहब, मुफ़्ती मुनुव्वर रजा, मुफ़्ती मेराज कादरी, मुफ़्ती अजहर सम्सी, मुफ़्ती मन्नानी अख्तर हुसैन, मुफ़्ती अहमद रजा कादरी, कारी आबिद निजामी, कारी मोहसिन साहब मौलाना रियाजुद्दीन कादरी, मौलाना मोहम्मद फिरोज अहमद, मौलाना मोहम्मद अशरफ अख्तर हुसैन मोहम्मद मौलाना अफजल बरकती, मौलाना मोहम्मद अब्बास कादरी, मौलाना आलम मिस्बाही, मोहम्मद मोहसिन, रजा मकसूद आदि तमाम उलमा ए किराम व कई इमाम शामिल रहे।

