संतोष कुमार सिंह
50 रूपए प्रति बोरे और 1000 रूपए प्रति टन कम हुई कीमत..घटी कीमत तत्काल प्रभाव से लागू।
नयी दिल्ली: देश के किसान सूखे से परेशान है। हालांकि मानसून ने हौले—हौले ही सही दस्तक देने की आहट भेजा है। कहीं-कहीं रिमझिम फुहारे बरसने लगी है। रवी की फसल के बाद खरीफ की तैयारी कर रहे किसान भाईयों के लिए एक अच्छी खबर आई है। इफको ने डीएपी,एनपीके खाद के प्रति बोड़े पर 50 रूपया घटाने का फैसला किया है।
जी हां, किसानों को एक बड़ी सौगात देते हुए फर्टीलाइज़र की सबसे बड़ी सहकारी कंपनी इफको ने डीएपी और एनपीके उर्वरकों के दाम करने का फैसला किया है। इफको ने प्रति टन 1000 रुपये दाम करने का फैसला किया है। इफको के इस फैसले से किसानों को इन उर्वरकों के हर बोरे पर आज से ही 50 रुपये का फायदा होगा। कीमत कम करने का फैसला तत्काल प्रभाव से लागू किया गया।
इफको के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ यू एस अवस्थी ने नई दिल्ली में आयोजित इफको की 45 वीं वार्षिक आम बैठक में उर्वरकों की कीमत कम करने संबंधी घोषणा की। डॉ अवस्थी ने इस मौके पर कहा कि ये एक प्रकार से देश के किसानों के लिए इफको की तरफ एक तोहफा है। किसानों के लाभ के लिए उर्वरकों के मूल्य में ये अब तक सबसे बड़ी कटौती में से एक है। भारत सरकार की महत्वपूर्ण डिजिटल इंडिया अभियान को समर्थन करते हुए इफको ने लगातार दूसरे साल 76 करोड़ रुपये के लाभांश का हस्तांतरण अपने 36 हजार सहकारी समितियों को ऑन लाइन बैंकिंग के जरिए किया।
अपने स्थापना के पचासवें साल में प्रवेश कर रही इफको की ओर से देश के किसानों को ये तोहफा है। गौरतलब है कि इस साल 3 नवंबर 2016 को इफको अपनी स्थापना के पचासवें साल में प्रवेश कर रही है। 3 नवंबर 2017 को इफको अपनी स्थापना के पचास वर्ष पुरे कर लेगी।
