
चंडीगढ़: दूध दही का खाना..नंबर वन हरियाणा। अब हरियाणा तो नंबर वन तब बनेगा जब प्रदेश के किसान बड़ी संख्या में पशुपालन करेंगे। और उन्हीं पशुपालक किसानों के लिए प्रदेश सरकार ने बड़ी राहत देते हुए घोषणा की है कि जो भी किसान अत्याधुनिक डेयरी खोलना चाहते हैं उन्हें सरकार की तरफ से सब्सिडी मिलेगी। साथ ही इस योजना के तहत अत्याधुनिक डेयरी खोलने के लिए बैंक लोन की ब्याज दर में भी छूट दी जाऐगी। इस बाबत जो योजना सरकार ने बनाई है उसमें प्रावधान है कि जो भी किसान भाई 5 साल के लिए अत्याधुनिक डेयरी खोलना चाहते हैं उन्हें 75 फीसदी तक लोन मिल सकता है। इतना ही नहीं लघु डेयरी योजना के तहत 10 दुधारू पशुओं तक की लघु डेयरी खोलने पर पशु की कीमत पर 25 प्रतिशत अनुदान दिये जाने का प्रावधान भी है।
जाहिर है सरकार किसानों को खेती के साथ-साथ पशुपालन करने के लिए प्रोत्साहित कर रही है। यही कारण है कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्र के किसानों और युवाओं को स्वरोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लघु डेयरी और अत्याधुनिक डेयरी योजना चला रही है। इसके तहत पशुपालक किसानों और बेरोजगार युवाओं को डेयरी खोलने के लिए 50 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है। किसान इस योजना के जरिए 5 पशु, 10 पशु या इससे अधिक की डेयरी खोलने के लिए सब्सिडी का लाभ उठा सकते हैं।
लघु डेयरी योजना के तहत 10 दुधारू पशुओं तक की लघु डेयरी खोलने पर पशु की कीमत पर 25 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। जबकि अनुसूचित जाति के लोगों को रोजगार उपलब्ध करवाने की योजना के तहत दो या तीन पशुओं की डेयरी खोलने पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। इसके अलावा, 3 से 5 देसी नस्ल की गायों की डेयरी इकाई स्थापित करने वाले पशुपालकों को गायों के खरीद मूल्य पर 50 प्रतिशत अनुदान दिया जाएगा। बड़ी बात यह है कि प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को देसी गाय रखने पर प्रति गाय 30 हजार रुपये वार्षिक अनुदान देने का प्रावधान किया गया हैै।
हरियाणा सरकार द्वारा डेयरी योजना का लाभ उन्हींं किसानों को दिया जायेगा जो राज्य के पशुपालक किसान हैं और डेयरी खोलना चाहते हैं। उन किसानों को राज्य सरकार की तरफ से सब्सिडी दी जाएगी। जो किसान डेयरी पर सब्सिडी योजना का लाभ लेना चाहते हैं उन्हें योजना के तहत आवेदन करना होगा।
आवेदन करते समय बरतें ये सावधानी
डेयरी योजना पर सब्सिडी का लाभ पाने के लिए आवेदन करते समय आवेदकों को इन दस्तावेजों निम्न दस्तावेजों को जमा करना होगा।
— डेयरी पर सब्सिडी के लिए आवेदन पत्र
—आवेदक का एग्रीमेंट डीड
—आवेदक द्वारा दिया गया शपथ पत्र
— आवेदक का आयु प्रमाण पत्र
— आवेदक का आधार कार्ड
—आवेदक का पैन कार्ड
— आवेदक की दो पासपोर्ट साइज फोटो
गौरतलब है कि सरपंच और पटवारी की रिपोर्ट के आधार पर हरियाणा में वर्तमान में डेयरी योजना के तहत राज्य में 13,480 डेयरियां खोली गई हैं। बाकी के पशुपालक किसान भी इस योजना के लाभ ले सकते हैं ताकि उनकी आमदनी बढ़े।



