अक्षत सरोत्री
चोपाल: हिमाचल में कई ऐसी जगह हैं जहां हमें कृषि के माध्यम से लोगों के जीवन को बदलते हुए देखा है। आईये आपको ले चलते हैं हिमाचल के ऐसे गांव जिसका हर परिवार लखपति है। शिमला से 92 किलोमीटर दूर 7774 फीट ऊंचाई पर बसे मड़ावग गांव में न कोई उद्योगपति हैं। फिर भी यह एशिया के सबसे अमीर गांवों में शामिल है। यहां हर परिवार की सालाना आमदनी 70 से 75 लाख रु. है।
फिलहाल गांव में सेब की फसल से इस गांव के लोगों ने अपनी किसमत बदल दी है। 1800 की आबादी वाले इस गांव से इस साल करीब 7 लाख पेटी सेब निकलेंगे। वह भी देश में सबसे अच्छी क्वालिटी के सेब। रॉयल एप्पल, रेड गोल्ड, गेल गाला जैसी किस्में किसानों ने लगाई हैं।
मड़ावग के सेब का साइज बहुत बड़ा है। अच्छी बर्फ गिरने से यहां के सेब की क्वालिटी इतनी अच्छी है कि सेब जल्दी खराब नहीं होते। ठंड के मौसम में बागीचों में रात-दिन डटे रहते हैं।
जीरो डिग्री से भी कम तापमान में लोग पेड़ों से बर्फ हटाते हैं। बर्फ पेड़ों की शाखाओं को तोड़ सकती है। अप्रैल से लेकर अगस्त-सितंबर तक फसल तैयार होती है। इस बीच अगर ओले गिर जाएं तो पूरी फसल बर्बाद हो सकती है।
