जी-20 के कृषि कार्य समूह की पहली बैठक 13 से 15 फरवरी तक इंदौर में

0
115

इंदौर/ नयी दिल्ली। जी-20 के तहत कृषि कार्य समूह की पहली कृषि प्रतिनिधि बैठक 13 से 15 फरवरी तक इंदौर ( मध्य प्रदेश) में आयोजित की जाएगी। बैठक में जी-20 सदस्य देशों, अतिथि देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के लगभग 100 प्रतिनिधियों के भाग लेने की उम्मीद है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के निर्देशन में कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने स्थानीय प्रशासन और राज्य सरकार के साथ मिलकर इस बैठक के लिए तैयारियां पूरी कर ली है।
बैठक के पहले दिन मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान दोपहर में प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे। श्रीअन्न (मिलेट्स) और इसके मूल्यवर्धित खाद्य उत्पादों के साथ-साथ पशुपालन और मत्स्यपालन के स्टॉल सहित अन्य स्टॉल यहाँ आयोजित प्रदर्शनी के प्रमुख आकर्षण होंगे।
कृषि कार्य समूह के पहले एडीएम के दौरान, कृषि संबंधी मामलों पर विचार-विमर्श करने के लिए पहले दिन द्विपक्षीय कार्यक्रम निर्धारित किए गए हैं।
दूसरे दिन 14 फरवरी को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया स्वागत भाषण देंगे, जिसके बाद भाग लेने वाले सदस्यों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के बीच सामान्य चर्चा होगी।
तीसरा दिन एक तकनीकी सत्र होगा, जिसमें सभी संबंधित सदस्यों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों से चर्चा और भागीदारी होगी। इस आयोजन में मेज़बान भारत के अतिरिक्त इंडोनेशिया, ब्राज़ील अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, कनाडा, चीन, यूरोपियन यूनियन, फ़्रान्स, जर्मनी, इटली, जापान, कोरिया मैक्सिको, रूस, सऊदी अरब, दक्षिण अफ़्रीका, टर्की, ब्रिटेन और अमेरिका के प्रतिनिधि भी भाग लेंगे। इनके अतिरिक्त बंगलादेश, मिस्र, मारिशस, नीदरलैंड, नाइजीरिया, ओमान, सिंगापुर, स्पेन, संयुक्त अरब अमीरात और वियतनाम के प्रतिनिधि भी आमंत्रित किए गए हैं।
जी 20 में भारत की अध्यक्षता की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ पर आधारित कृषि प्रतिनिधियों की तीन दिवसीय बैठक में समूह देशों के प्रतिनिधि कृषि उत्पादन बढ़ाने, सतत कृषि, एग्रीकल्चर, जलवायु परिवर्तन के प्रभाव, डिजिटलाइजेशन का उपयोग जैसे विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे।
आयोजन के दौरान प्रतिनिधियों को राजवाड़ा पैलेस की हेरिटेज वॉक और मांडू किले के भ्रमण के माध्यम से समृद्ध भारतीय इतिहास का अनुभव प्राप्त होगा। गाला डिनर और सांस्कृतिक प्रदर्शन भारतीय व्यंजनों और संस्कृति का स्वाद प्रदान करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here