गेहूं की खरीद की शुरुआत होते ही संयुक्त किसान मोर्चा ने अखिल भारतीय विरोध का आह्वान किया है। क्षतिग्रस्त गेहूं की खरीद पर 37.82 रुपये प्रति क्विंटल की कटौती के चलते किसानों द्वारा ये विरोध किया जा रहा है। पंजाब और हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश के भी कई जिलों से विरोध की खबरें सामने आ रही हैं।
प्रति एकड़ 50 हजार रुपये मुआवजे की मांग
हाल ही में उत्तर भारत में बैमौसम बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इससे गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। संयुक्त किसान मोर्चा बारिश से हुई फसल की क्षति के लिए प्रति एकड़ 50 हजार रुपये के मुआवजे की मांग कर रही है। इसके अलावा क्षतिग्रस्त गेहूं की खरीद में एमएसपी की कटौती के फैसले को भी वापस लेने की मांग कर रही है।
संयुक्त किसान मोर्चा का कहना है कि एमएसपी का मतलब सरकार द्वारा किसानों के लिए मूल्य की गारंटी है। मोदी सरकार एक कॉर्पोरेट व्यापारी की तरह काम कर रही है। केंद्र सरकार को हमारी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पिछले साल के मुकाबले गेहूं की खरीद में पहले ही 14 फीसदी की गिरावट आ चुकी है।
मजदूरों ने भी शुरू किया हड़ताल
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के रेही गांव में भी किसानों ने क्षतिग्रस्त गेहूं की खरीद पर एमएसपी में कटौती के चलते विरोध प्रदर्शन किया। उधर पंजाब की मंडियों में गेहूं के आने की शुरुआत होते ही ंमजदूरों ने हड़ताल की घोषणा कर दी है. मजदूरों ने घोषणा की है कि वह कल से मंडियों में काम नहीं करेंगे। मजदूर सरकार से मजदूरी दर में बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।
