पंचायत खबर डेस्क
बिहार में पंचायत चुनाव की घोषणा कर दी गयी है। बिहार सरकार ने कैबिनेट की बैठक में आज पंचायत चुनाव के तिथि की घोषणा की जिसमें 10 चरणों में पंचायत चुनाव कराये जाने का फैसला लिया गया। पंचायत चुनाव के लिये 28 फरवरी को अधिसूचना जारी की जायेगी। पंचायत चुनाव के मतदान की तिथि 24 अप्रैल 2016 से लेकर 30 मई 2016 तक कराने का फैसला लिया गया। पंचायत चुनाव के लिये 28 फरवरी को अधिसूचना जारी की जायेगी। चुनाव चिन्ह, जमानत राशि, रिजर्वेशन अदि का निपटारा विगत दिनों में किया गया है।
कैबिनेट के फैसले के मुताबिक पंचायत चुनाव का पहला चरण 24 अप्रैल 2016 को जबकि दूसरा चरण 28 अप्रैल को और तीसरा चरण 2 मई को संपन्न होगा। चौथा चरण 6 मई 2016 को, पांचवा चरण 10 मई 2016 को जबकि छठा चरण 14 मई को संपन्न होगा। वहीं सातवां चरण 18 मई, आठवां चरण 22 मई जबकि 9 वां चरण 26 मई को संपन्न होगा।
कैबिनेट की बैठक के अन्य महत्वपूर्ण निर्णय
कैबिनेट की बैठक में इसके अलावां भी कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए। सरकार ने कुल 34 एजेंडों पर अपनी मुहर लगायी जिसमें सिपाही भर्ती नियमावली में संशोधन की बातें भी शामिल है। सरकार ने महत्वपूर्ण फैसले में बैठक में यह फैसला लिया गया कि सूबे के किसानों को तीन सौ रुपये प्रति क्विंटल बोनस दिया जायेगा। नीतीश सरकार के इस फैसले से बिहार के किसानों को राहत मिलेगी। ग्रामीण विकास विभाग के तहत राज्य के 101 प्रखंडों में प्रखंड सूचना प्रौद्योगिकी केंद्र के निर्माण की स्वीकृति भी प्रदान की गयी। कैबिनेट में नगर विकास एवं आवास विभाग के एशियन डेवलपमेंट बैंक द्वारा ग्रांटेड योजना के तहत 311 करोड़ रुपये की लागत से जलापूर्ति योजना के प्रोजेक्ट को भी अनुमति प्रदान की गयी वहीं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग अंतर्गत बिहार कौशल विकास मिशन के तहत आईटी के क्षेत्र में युवाओं को प्रशिक्षण देने की कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की गयी।

