रोहतक: हरियाणा विधानसभा चुनाव 2024 (Haryana Elections 2024) के लिए कांग्रेस के बाद अब भाजपा ने भी अपना संकल्प पत्र जारी कर दिया है। रोहतक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संकल्प पत्र जारी किया है। भाजपा ने अग्निवीरों पर फोकस करते हुए किसान महिलाओं एवं युवाओं के लिए भी बड़ी घोषणाएं की हैं। भाजपा के घोषणा पत्र में वंचित समुदायों को भी स्थान दिया गया है। हरियाणा चुनाव के लिए क्या हैं भाजपा की बड़ी घोषणाएं।
भाजपा के संकल्प पत्र में किए गए वादे
- सभी महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना के तहत प्रतिमाह ₹2,100.
- IMT खरखौदा की तर्ज पर 10 औद्योगिक शहरों का निर्माण। प्रति शहर 50,000 स्थानीय युवाओं को नौकरी देने के लिए उद्यमियों को विशेष प्रोत्साहन।
- चिरायु-आयुष्मान योजना के तहत प्रत्येक परिवार को ₹10 लाख तक का मुफ्त इलाज और परिवार के 70 वर्ष से अधिक प्रत्येक बुजुर्ग को अलग से ₹5 लाख तक के मुफ्त इलाज की सुविधा।
- 24 फसलों की घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीद।
- लाख युवाओं को ‘बिना पर्ची बिना खर्ची’ पक्की सरकारी नौकरी।
- 5 लाख युवाओं के लिए अन्य रोजगार के अवसर एवं नेशनल अप्रेंटिसशिप प्रमोशन योजना से मासिक स्टाइपेंड।
- शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में 5 लाख आवास।
- सरकारी अस्पतालों में डायलिसिस तथा सभी अस्पतालों में डायग्नोसिस मुफ्त।
- हर जिले में ओलंपिक खेलों की नर्सरी।
- हर घर गृहणी योजना तहत ₹500 में सिलेंडर।
- अव्वल बालिका योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्र में कॉलेज जाने वाली प्रत्येक छात्रा को स्कूटर।
- हर हरियाणवी अग्निवीर को सरकारी नौकरी की गारंटी।
- भारत सरकार के सहयोग से केएमपी के ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर का निर्माण एवं नई वंदे भारत ट्रेनों की शुरुआत।
- भारत सरकार के सहयोग से विभिन्न रैपिड रेल सेवाओं एवं फरीदाबाद से गुरुग्राम के बीच इंटरसिटी एक्सप्रेस मेट्रो सेवा की शुरुआत।
- छोटी पिछड़े समाज की जातियों (36 बिरादरियों) के लिए पर्याप्त बजट के साथ अलग-अलग कल्याण बोर्ड।
- DA और पेंशनों को जोड़ने वाले साइंटिफिक फॉर्मूले के आधार पर सभी सामाजिक मासिक पेंशनों में वृद्धि।
- भारत के किसी भी सरकारी कॉलेज से मेडिकल और इंजीनियरिंग पढ़ने वाले ओबीसी एवं एससी जातियों के हरियाणा के विद्यार्थियों को पूर्ण छात्रवृत्तिै
- सभी ओबीसी वर्ग के उद्यमियों की, मुद्रा योजना के अतिरिक्त, 25 लाख रुपये तक के ऋण की गारंटी हरियाणा राज्य सरकार उठाएगी।
- हरियाणा को वैश्विक शिक्षा का केंद्र बनाकर आधुनिक स्किल का प्रशिक्षण प्रदान करेंगे.
दक्षिण हरियाणा में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का अरावली जंगल सफारी पार्क
जेपी नड्डा ने गिनाया भाजपा संकल्प पत्र की उपलब्ध्यिां, कांग्रेस पर लगाया आरोप
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने इस दौरान अपने संबोधन में कहा कि 10 साल पहले हरियाणा की छवि पर्ची और खर्ची पर नौकरी वाली थी। जमीन हड़पना, लैंड यूज को बदलना, किसानों की जमीन को लेना, यही सब 10 साल पहले हरियाणा में होता था। जेपी नड्डा ने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तो तब 1158 रुपये फसल अनुदान दिए गए। लेकिन भाजपा सरकार में 12 हजार करोड़ से ज्यादा का अनुदान किसानों को दिए हैं। किसानों को फसलों के नुकसान पर 6000 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा पहले दिया जाता था, लेकिन अब 15 हजार रुपये प्रति एकड़ का मुआवजा मिलता है। हिसार में एयरपोर्ट का निर्माण किया गया है।
2 लाख 26 हजार 237 लोगों ने घोषणा पत्र के लिए सुझाव: धनखड
समारोह में हरियाणा में भाजपा के संकल्प पत्र समति के अध्यक्ष ओपी धनखड़ ने कहा कि 2 लाख 26 हजार 237 लोगों ने घोषणा पत्र के लिए सुझाव दिए है। इसमें समाज के हर वर्ग से बात करने की कोशिश की गई है। धनखड़ ने कहा कि संकल्प पत्र में हर वर्ग के लिए कुछ ना कुछ है और समाज का कोई सेक्शन अछूता नहीं है। उन्होंने कहा कि हमने हर जिले में जाकर हमने लोगों के सुझाव शामिल किए हैं। हम बजट से बाहर जाकर घोषणा नहीं करते हैं। जबकि दूसरी पार्टियों झूठे वायदे कर सत्ता हथियाती हैं। हम वही घोषणा करते हैं, जो पूरा कर सकें।
बोले सैनी..जो कहा है सो करेंगे
हरियाणा के कार्यवाहक मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हम प्रदेश के लोगों की आकांक्षा पूरी कर रहे हैं और ये हमारे लिए कोई चुनावी घोषणा नहीं है। हमने 2014 के संकल्प पत्र को 100 फीसदी लागू किया है और उस दौरान 187 संकल्प लिए गए थे. इसी तरह, 2019 में 165 वायदे किए और सभी को पूरा किया।


