झारखंड के बुंडू पंचायत को मिला प्रदेश के एकमात्र बाल हितैषी पंचायत का राष्ट्रीय पुरस्कार

0
667

संतोष कुमार सिंह
नयी दिल्ली: पंचायती राज्य मंत्रालय भारत सरकार द्वारा जैसे ही प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी पंचायत सशक्किरण पुरस्कारों की घोषणा की गई झारखंड के बोकारो जिले बुंडू पंचायत के मुखिया अजय कुमार सिंह के खुशी का ठिकाना न रहा। हो भी क्यों न इस वर्ष भी उनके देखरेख में काम करने वाले बोकारो जिले के पेटेरावार प्रखंड का बुंडू पंचायत राज्य का एक मात्र पंचायत है जिसे बाल हितैषी पंचायत का राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। वैसे तो बुंडू पंचायत को पहले भी कई राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं जिसमें वर्ष 2017 में पंडित दीन दयाल उपाध्याय पंचायत सशक्तिकरण पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इतना ही नहीं इस पंचायत को मुख्यमंत्री स्मार्ट विलेज योजना प्रतियोगिता प्रथम पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। इस बाबत जब पंचायत खबर ने मुखिया अजय सिंह से बात की तो उन्होने कहा कि हमें पहले से ही उम्मीद थी कि काम को पहचान मिलेगा। लेकिन जिस कैटेगरी में पंचायत को सम्मानित किया गया है वह निश्चित रूप से पंचायत के लिए गौरव की बात है, क्योकि बच्चे किसी भी राष्ट्र के भविष्य हैं एसे में बाल हितैषी पंचायत का राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त करना निश्चित तौर पर खुशी की बात है। वे कहते हैं आज फिर से एक बार बुंडू पंचायत की जीत हुई है, ग्रामवासियों की जीत हुई है, आप सबों के अपनापन ,प्यार,आशीर्वाद, स्नेह और सहयोग की जीत हुई है,आज सभी अपनो की जीत हुई है, आज फिर से एक बार बुंडू नंबर 1 बना है जिसमें हमारे सभी स्वास्थ्य​कर्मियों, शिक्षकों और पंचायत से शुरू सभी पदाधिकारियों का उल्लेखनीय योगदान रहा है उन्ही की बदौलत इस बार के चाइल्ड फ्रेंडली नेशनल अवार्ड के लिए बुंडू पंचायत का चयन हुआ है।


यह पूछे जाने पर कि आखिर कौन सी ऐसी गतिविधियां या विशेष कार्य बच्चों के लिहाज से पंचायत ने किया है जिसकी वजह से पंचायत को सम्मान मिला है। मुखिया अजय सिंह विस्तार से इस बाबत अपनी रखते हैं। उनमें से ये प्रमुख बातें निकल कर सामने आती है वो ये हैं।


हर स्तर पर बच्चों की बेहतरी के लिए हुआ है काम
1. पंचायत में एक भी बच्चा ऐसा नही है जिसका टीकाकरण नियमित न हुआ हो, यानी सभी बच्चो का नियमित टीकाकरण होता है इसकी दर 100 फीसदी है।
2. 98% सुरक्षित प्रसव होता है पंचायत में
3. जन्म मृत्यु के आंकड़े 2010 से 100% अपडेट है

4. धात्री महिलाओ का टीकाकरण 100%
5. गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण 100%
6. ड्रॉप आउट की दर नगण्य है
7. बाल विवाह मुक्त पंचायत
8. स्कूली बच्चों को उपस्थिति
9. आंगनबाड़ी की क्रियाशीलता
10. स्कूलों में स्वच्छता एवं बेहतर उपलब्ध संसाधन
11. बेहतर ग्रामसभा एव बेहतर ग्रामीणों को उपस्थिति
12 स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक एव उनकी उपस्थिति नियमित
इन सारे बिंदुओं पर तीन स्तर पर जांच के उपरांत घोषणा बुंडू पंचायत को अवार्ड देने की घोषणा हुई है। उल्लेखनीय है कि बाल हितैषी पंचायत का राष्ट्रीय पुरस्कार 2020 की कैटेगरी में इस वर्ष पंचायती राज मंत्रालय द्वारा देश के 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एक—एक पंचायत को सम्मानित किया गया है। वही नानाजी देशमुख राष्ट्रीय गौरव ग्राम सभा पुरस्कार से प्रदेश के गिरिडिह जिले के बिरनी प्रखंड के कपिलो पंचायत को सम्मानित किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here